Shakuntala University: दिव्यांग छात्रों के लिए साथ आए विश्वविद्यालय और मिलिट्री हॉस्पिटल
Shakuntala University: डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय (Dr. Shakuntala Mishra National Rehabilitation University-DSMNRU)और मिलिट्री हॉस्पिटल मेरठ के बीच पश्चिमी क्षेत्र यूपी सब एरिया मुख्यालय में पुनर्वास, प्रशिक्षण और शोध के क्षेत्र में सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किया गया। कुलपति आचार्य संजय सिंह ऑनलाइन माध्यम से एमओयू साझा होने तक जुड़े रहे।
इस समझौते के तहत विश्वविद्यालय पुनर्वास सेवाओं, प्रशिक्षण, शोध कार्यों और संसाधन प्रबंधन में सहयोग प्रदान करेगा। इससे सेना की ओर से संचालित आशा स्कूल के बच्चों के साथ-साथ युद्ध या ड्यूटी के दौरान घायल हुए सैनिकों और उनके परिवारों को भी लाभ मिलेगा।
एमओयू के माध्यम से दोनों संस्थान क्लिनिकल सेवाओं के साथ पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराने, संयुक्त शोध कार्यों को बढ़ावा देने और शिक्षकों और विशेषज्ञों के आदान-प्रदान की संभावनाओं पर भी कार्य करेंगे। इससे पुनर्वास विज्ञान के क्षेत्र में नए शोध अवसर विकसित होंगे।
कार्यक्रम में जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सुमित राणा, निवर्तमान कमांडेंट ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा, वर्तमान कमांडेंट ब्रिगेडियर सीपी सिंह मौजूद रहे। समझौता ज्ञापन विश्वविद्यालय के विशेष शिक्षा संकाय के अधिष्ठाता डॉ. कौशल शर्मा और बौद्धिक अक्षमता विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जे. कल्याणी ने साझा की।
विवि के डॉ. विजय शंकर शर्मा ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे। डॉ. कौशल शर्मा ने बताया कि दोनों संस्थानों ने इस साझेदारी को सैनिकों, उनके परिवारों और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
इसलिए की गई ये साझेदारी
इस सम्बंध में कुलपति आचार्य संजय सिंह कहते हैं कि “मिलिट्री हॉस्पिटल मेरठ के साथ हुआ यह समझौता पुनर्वास शिक्षा, शोध और सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे युद्ध अथवा ड्यूटी के दौरान घायल हुए सैनिकों, उनके परिवारों और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को विशेषज्ञ पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। यह साझेदारी ज्ञान, संसाधनों और अनुभवों के आदान-प्रदान के माध्यम से समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी को और प्रभावी बनाएगी।”
ये भी पढ़ें-केतन-चेतन और सिया…लव ट्रायंगल में शाही शादी से पहले करोड़पति मंगेतर की हत्या…क्या साजिश में कोई और भी? Video