Lucknow: हुसैनगंज चौराहे का बदल दिया गया नाम…सीएम योगी ने की घोषणा; पीएम मोदी ने कही ये बात

Share News

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे बिजी चौराहों में से एक हुसैनगंज चौराहे का नाम आज यानी शुक्रवार को बदल दिया गया है. अब इस चौराहे को महाराणा प्रताप के नाम से जाना जाएगा. इसकी घोषणा महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर सीएम योगी ने की है. उन्होंने महाराणा प्रताप की वीरता का वर्णन करते हुए कहा कि आज के चुनौतीपूर्ण समय में उनका जीवन एक नई प्रेरणा देता है.

बता दें कि लखनऊ में आज महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर हुसैनगंज चौराहे पर लगी महाराणा प्रताप प्रतिमा के सौंदर्यीकरण के लोकार्पण का कार्यक्रम था. इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए और महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया. इसी के साथ ही कहा कि आज के चुनौतीपूर्ण समय में उनका जीवन नई प्रेरणा देता है. हल्दीघाटी की लड़ाई का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि महाराणा ने वनवासियों और गिरिवासियों की सेना के साथ अकबर की सेना को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था.

1998 में उन्होंने ही दिया था प्रस्ताव

इस मौके पर सीएम योगी ने बताया कि 1998 में उन्होंने ही इस चौराहे पर महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापना का प्रस्ताव दिया था. उन्होंने आगे जानकारी दी कि लखनऊ, गोरखपुर और प्रयागराज में तीन मूर्तियां स्थापित की गई थीं जिनका उद्घाटन कल्याण सिंह और राजनाथ सिंह जैसे नेताओं ने किया था.

सीएम योगी ने की ये घोषणा

सीएम योगी ने इस मौके पर सीएम ने राकेश सिंह और मानवेंद्र सिंह को चौराहे के सुंदरीकरण के लिए बधाई दी और कहा कि ये चौराहा अब से महाराणा प्रताप सिंह चौराहे के नाम से जाना जाएगा. साथ ही अपने संबोधन में महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी और गुरु गोविंद सिंह जैसे वीर योद्धाओं को भी नमन किया. बता दें कि ये कार्यक्रम सपा से बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह ने आयोजित किया था. इस मौके पर बागी विधायक अभय सिंह, मंत्री राकेश सचान, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह समेत तमाम लोग मौजूद रहे.

पीएम मोदी ने इस तरह किया नमन

पीएम नरेंद्र मोदी ने जयंती के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा, “देश के अमर सेनानी महाराणा प्रताप को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन। मातृभूमि के स्वाभिमान की रक्षा के लिए उन्होंने जिस साहस और शौर्य का परिचय दिया था, वह आज भी हमारे वीर-वीरांगनाओं के लिए पथ-प्रदर्शक बना है। मां भारती को समर्पित उनका पराक्रमी जीवन देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।”

ये भी पढ़ें-पाकिस्तान ने जम्मू-पठानकोट पर दागे मिसाइल और ड्रोन…वैष्णो देवी मंदिर सहित इन जगहों पर पूरी तरह से ब्लैकआउट; बंगाल सरकार ने लिया ये फैसला-Video