भीषण गर्मी… स्कूलों में न पंखा-कूलर न बिजली कैसे होगा समर कैम्प? शिक्षा विभाग के आदेश के खिलाफ उतरे शिक्षक; कहा-“इंटरमीडिएट एक्ट 1921 का उल्लंघन”

Share News

Summer Camp: उत्तर प्रदेश के इंटर कॉलेज में समर कैम्प का आयोजन करने का आदेश सामने आने के बाद से ही शिक्षकों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है. इसको लेकर शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा है और शिक्षा विभाग द्वारा जारी समर कैंप के आदेश को वापस लेने की मांग की है. शिक्षकों का कहना है कि भीषण गर्मी में समर कैम्प कैसे सम्भव है.

इसका पूरे प्रदेश में विरोध हो रहा है. शिक्षकों का कहना है कि शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों के ऊपर समर कैम्प नाम का जो बोझ डाला जा रहा है वो इंटरमीडिएट एक्ट 1921 में आच्छादित ग्रीष्मकालीन अवकाश के प्रावधानों का उल्लघंन करने वाला है. इसलिए इस आदेश को तुरंत वापस लिया जाए.

कानपुर में DIOS को सौंपा गया ज्ञापन

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) के नेतृत्व में शिक्षकों ने समर कैम्प के अव्यवहारिक आदेश को वापस लिए जाने के संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) अरुण कुमार को ज्ञापन दिया. संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों/ शिक्षिकाओ ने महानिदेशक स्कूल शिक्षा को सम्बोधित ज्ञापन जिलाविद्यालय निरीक्षक कानपुर नगर अरुण कुमार को सौंपा और शिक्षकों ने विद्यालयों में समर कैम्प आयोजित किये जाने को इस भीषण गर्मी के चलते अव्यवहारिक एवम तुगलकी आदेश बताया।

संगठन के प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ शैलेंद्र द्विवेदी ने कहा कि बालकों एवम बालिकाओं को सर्वागींण विकास के लिए उक्त कैम्प का आयोजन अनुकूल मौसम एवं वातावरण में किया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि चूंकि उत्तर प्रदेश बोर्ड के आधे से अधिक विद्यालय ग्रामीण परिवेश में है वहां छात्र एवं छात्रओं के लिए इस प्रकार के कैम्प का आयोजन इस भीषण गर्मी में सर्वथा उचित नही है। वह आगे बोले कि विद्यालयों के संपर्क में आने वाले अधिकांश अभिभावकों ने भी इसे अव्यवरिक एवम अनुचित बताया है। इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार, महामंत्री राहुल कुमार मिश्रा,शैलेन्द्र अवस्थी, शिक्षणेत्तर एसोसिएशन के महामंत्री संतोष तिवारी समेत अन्य शिक्षक ज्ञानेंद्र गुप्ता, गगन दीप सिंह, प्रेम चंद्र त्रिपाठी, विवेक शर्मा, सबीना बेगम, नीतू सिंह, चित्रांशी सिंह, रविन्द्र वर्मा समेत कई शिक्षक उपस्थित रहे।

लखनऊ में भी विरोध प्रदर्शन

लखनऊ में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने समर कैंप का विरोध किया. संघ के प्रादेशिक उपाध्यक्ष/प्रवक्ता डा. आर.पी. मिश्र ने कहा कि महानिदेशक/स्कूल शिक्षा द्वारा समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालयों में भीषण गर्मी एवं विद्यालय में विपरीत परिस्थितियों के बीच दिनांक 21 मई से 10 जून, 2025 तक समर कैम्प आयोजित किए जाने सम्बन्धी आदेश दिया गया है जिसे संगठन ने तत्काल स्थगित किए जाने को लेकर संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी एवं महामंत्री नरेन्द्र कुमार वर्मा ने महानिदेशक स्कूल शिक्षा को पत्र लिख कर मांग की है।

शिक्षकों ने दिया ये पत्र

संघ के महामंत्री नरेन्द्र कुमार वर्मा एवं प्रदेशीय मंत्री डा. आर.के.त्रिवेदी ने बताया कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा को प्रेषित किए गए पत्र में उल्लेख किया गया हैं कि वर्तमान में प्रदेश का तापमान 40 डिग्री से ऊपर चल रहा है। भीषण गर्मी, हीट वेव तेज धूप लोगों को झुलसा रही है हीटवेव में बच्चों के बीमार होने का खतरा बढ़ जाता है। यह स्थिति आज की है तो मई के अन्तिम सप्ताह एवं जून के प्रथम सप्ताह में मौसम वैज्ञानिक बता रहे है कि गर्मी का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पत्र में ये भी कहा गया है कि किसी भी विद्यालय में न तो कूलर है और न ही पंखों की पर्याप्त व्यवस्था है. इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों मे पर्याप्त बिजली नही आती है। ऐसी स्थिति में समर कैम्प का आयोजन बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ करने जैसा होगा।

इसी के साथ ही पत्र में यह भी कहा गया है कि ग्रीष्मावकाश में अधिकांश शिक्षक/प्रधानाचार्य अपने परिवार के साथ दूसरे जनपद में स्थित अपने मूल आवासों पर चले जाते हैं। इसी प्रकार छात्र/छात्राएं अपनी सुविधा अनुसार बाहर या अन्य कार्यो में व्यस्त रहते हैं। ऐसी स्थिति में समर कैम्प का आयोजन किसी भी प्र्रकार से उचित नहीं होगा।

ये भी पढ़ें-Chitrakoot: अवैध तमंचों के साथ दबंगों का अश्लील डांस वायरल… Video सामने आने के बाद जांच में जुटी पुलिस