Lucknow: बालिका विद्यालय में पूर्व छात्रा सम्मेलन…ये छात्राएं हुईं शामिल

February 13, 2026 by No Comments

Share News

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बालिका विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज, मोतीनगर में 12 फरवरी को पूर्व छात्रा सम्मेलन का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. सत्यकाम आर्य, विद्यालय के प्रबंधक आनंद मोहन तिवारी, उपप्रबंधक सुधा शर्मा तथा डी.ए.वी. पी.जी. कॉलेज के विधि संकाय के प्राचार्य डॉ. संजय तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संचालन का दायित्व मंजुला यादव ने प्रभावपूर्ण ढंग से निभाया। अतिथियों का सम्मान अंगवस्त्र एवं स्मृतिचिन्ह प्रदान कर किया गया। अध्यक्ष डॉ. सत्यकाम आर्य का सम्मान प्रबंधक आनंद मोहन तिवारी ने किया। प्रबंधक आनंद मोहन तिवारी को प्रधानाचार्या डॉ. लीना मिश्र ने, उपप्रबंधक सुश्री सुधा शर्मा को सीमा आलोक वार्ष्णेय ने तथा डॉ. संजय तिवारी को पूनम यादव ने स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। तत्पश्चात सभी अतिथियों ने पूर्व छात्राओं को स्मृतिचिन्ह प्रदान कर उनका अभिनंदन किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को भव्यता प्रदान की। छात्राओं ने स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया। काजल तिवारी ने माँ सरस्वती पर भावपूर्ण नृत्यप्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बनाया। कक्षा नौ की छात्रा सोनी ने राम आयेंगे गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया तथा रोशनी ने हरियाणवी लोकगीत पर अपनी सशक्त प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। कक्षा 11 की छात्राओं शालिनी एवं शिल्पी ने होली गीत पर उल्लासपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा 6 की छात्रा खुशी ने राजस्थानी लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी।

सम्मेलन में उपस्थित पूर्व छात्राओं – मणि टंडन, सोनिका, सीमा तिवारी, सीमा शर्मा, अर्चना, तूलिका, ज्योति खरे, शशि कांति, पूजा सिंह, पूनम तिवारी, निर्मला, मंजुला शर्मा, क्षमता, रश्मि सिंह आदि ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय से प्राप्त संस्कारों और अनुशासन को अपनी सफलता का आधार बताया। सभी का मत था कि अनुशासन और समर्पण ही जीवन में सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

प्रबंधक आनंद मोहन तिवारी ने छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि वे विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं का निरंतर निर्वहन करते रहेंगे। अध्यक्ष डॉ. सत्यकाम आर्य ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। डॉ. संजय तिवारी ने वर्तमान छात्राओं को विद्यालय का नाम रोशन करने का आशीर्वाद प्रदान किया तथा पूर्व छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए उनके पुनः विद्यालय आगमन पर आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की सफलता में सीमा आलोक वार्ष्णेय, पूनम यादव, उत्तरा सिंह, ऋचा अवस्थी, रागिनी यादव एवं प्रतिभा रानी का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर अनीता श्रीवास्तव, माधवी सिंह, मीनाक्षी गौतम एवं रितु सिंह भी उपस्थित रहीं और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। अंत में प्रधानाचार्या डॉ. लीना मिश्र ने सभी अतिथियों, पूर्व छात्राओं एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।

ये भी पढ़े-स्कूलों और सरकारी कार्यक्रमों में अनिवार्य हुआ “वंदेमातरम…” गाने होंगे राष्ट्रगीत के सभी 6 अंतरे-Video