सरकारी स्कूल के बच्चों का छीन लिया निवाला… सड़ा डाला मिड डे मील का 10 क्विंटल गेहूं…Video वायरल
Meerut News: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें दिखाया जा रहा है कि किसी सरकारी स्कूल में सड़ा हुआ गेहूं पड़ा है. यह वीडियो उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से सामने आया है. सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे सरकारी व्यवस्था की लापरवाही बताई है और कहा है कि जिम्मेदारों की इस हरकत ने गरीब बच्चों के मुंह का निवाला छीन लिया.
सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के मुताबिक, मामला मेरठ के मामेपुर स्थित एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय का है. विद्यालय के स्टोर रूम में मिड-डे मील के लिए करीब 10 कुंटल गेहूं रखा था लेकिन ठीक से देखरेख न होने के कारण सड़ गया. बता दें कि इसी गेहूं से स्कूल में पढ़ने वाले आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए खाना बनना था लेकिन अब बच्चों के लिए रोटी की व्यवस्था कैसे होगी ये तो जिम्मेदार ही जानें?
अच्छा हुआ इस सरकारी स्कूल में Mid Day Meal का 10 क्विंटल गेहूँ सड़ गया, अब कोई भी इसको बेच नहीं पाएगा।
बच्चों का क्या है बच्चे तो कुछ भी खा के बीमार हो लेंगे।वो तो आए दिन चलता रहता है।
📍मेरठ
pic.twitter.com/bYNmLNWlVu— खुरपेंच (@khurpenchh) March 19, 2026
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल के एक शिक्षक को सस्पेंड कर दिया गया था लेकिन इसके बावजूद उन्होंने स्टोर रूम की चाबी प्रशासन को नहीं सौंपी जिसकी वजह से गेहूं को समय पर बाहर निकाल कर धूप नहीं दिखाई जा सकी और गेहूं धीरे-धीरे सड़ता रहा. तो वहीं ये भी कहा जा रहा है कि स्कूल के ही एक अन्य शिक्षक लगातार इस बारे में बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को चिट्ठियां लिखते रहे, लेकिन उनकी शिकायतों पर वक्त रहते कोई ठोस कदम बीएसए द्वारा नहीं उठाया गया. नतीजतन गेहूं सड़ता रहा और जिम्मेदार आराम से सोते रहे. जब तक आंख खुली गेहूं पूरी तरह से सड़ चुका था और इस तरह से मिड डे मील का करीब 10 क्विंटल गेहूं जिम्मेदारों ने सड़ा डाला.
इस घटना के सामने आने के बाद एक बार फिर से सरकारी तंत्र की लापरवाही उजागर हुुई है और सवाल खड़ा हो रहा है कि अब इसकी भरपाई कौन करेगा और बच्चों की हक छीनने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन कब लिया जाएगा? फिलहाल तो इस मामले में जांच चलने की बात कही जा रही है, ठीक उसी तरह जैसे अन्य मामलों में जांचें चलती रही दोषी आराम से पद का दुरुपयोग करते रहे और कार्रवाई का कहीं कोई पता-ठिकाना नहीं.
नोट-सरकारी स्कूल से जुड़ी कोई भी खबर अगर आप भेजना चाहते हैं तो archanakhabarsting@gmail.com पर साक्ष्य व फोटो के साथ भेजें. अगर आपका स्कूल मॉडल स्कूल है तो भी डिटेल आप भेज सकते हैं. किसी के खिलाफ खबर देने पर पहतान गुप्त रखी जाएगी. ये न्यूज वेबसाइट शिक्षा से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रकाशित करती है.
ये भी पढ़ें-सरकारी स्कूल में छात्रा के पिता ने शिक्षिका से की अभद्रता, चलाई ईंट…शिक्षामित्र का रोते हुए Video वायरल