Shraddha Murder Case: बड़ी खबर- श्रद्धा के हत्यारे आफताब का होगा नार्को टेस्ट, खुलेंगे कई बड़े राज, अब तक बरामद हुए श्रद्धा के अंग के 11 टुकड़े
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के महरौली इलाके में हुए श्रद्धा हत्याकांड (Shraddha Murder) को लेकर जहां एक ओर लोग सोशल मीडिया पर हत्यारे आफताब अमीन पूनावाला (Aaftab Amin Poonawala)को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं तो वहीं एक बड़ी खबर कोर्ट से सामने आ रही है। दक्षिणी दिल्ली की साकेत कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को नार्को टेस्ट की मंजूरी दे दी है। पुलिस सूत्रों का कहना कि आफताब जांच भटकाने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में नार्को टेस्ट से कई राज सामने लाने में काफी मदद मिलेगी।
बता दें कि श्रद्धा और आफताब डेटिंग ऐप बंबल के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। बाद में वे एक कॉल सेंटर में साथ काम करने लगे थे। जब श्रद्धा के परिवार ने इस रिश्ते पर आपत्ति जताई तो वे दिल्ली चले आए और महरौली में रहने लगे। फिलहाल इस सनसनीखेज मामले की जांच में अब सीबीआई की भी एंट्री होने की सम्भावना जताई जा रही है और तमाम पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस श्रद्धा के पिता को दिल्ली भी बुला सकती है। तो वहीं महरौली के जंगल से शरीर के 11 टुकड़े बरामद कर लिए गए हैं। मालूम हो कि आफताब ने श्रद्धा के शरीर के 35 टुकड़े किए थे।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक अपनी गर्लफ्रेंड श्रद्धा वाकर की हत्या के बाद उसका फोन इस्तेमाल करना आफताब के गले की फांस बन गया। पुलिस से इससे आफताब के खिलाफ मजबूत सुराग मिले हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आफताब श्रद्धा की मई में हत्या करने के बाद उसके फोन से उसके दोस्तों से जुलाई तक श्रद्धा बनकर चैटिंग करता रहा।
वहीं दूसरी ओर पूछताछ में पुलिस के सामने प्रतिदिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। ताजा जानकारी यह है कि श्रद्धा को मई में मौत के घाट उतारा गया था। इसके बाद भी आफताब उसके एटीएम और क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करता रहा। जानकारी के मुताबिक, आफताब ने श्रद्धा के बैंक खाते से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर किये थे। आफताब की इस गलती से पुलिस को केस में काफी मदद मिल रही है।
वहीं अंगों के अन्य टुकड़े बरामद करने के लिए पुलिस महरौली के जंगल में बुधवार को भी सुबह करीब आठ बजे से डॉग स्क्वाड के साथ जुटी हुई है। एफएसएल टीम भी साथ में मौजूद है। इसके साथ ही करीब दर्जन भर पुलिसकर्मी जंगल में तैनात हैं और सबूतों की तलाश जारी है।
जानें क्या है पूरा मामला
बता दें कि आफताब अमीन पूनावाला और श्रद्धा दोनों लिव इन रिलेशन में रहते थे। युवती की मुलाकात आरोपी से एक कॉल सेंटर में हुई थी, जहां दोनों जॉब करते थे। महाराष्ट्र के पालघर में उसके पिता रहते हैं और श्रद्धा (26 साल) मुंबई के मलाड में एक कॉल सेंटर में काम करती थी। यहीं पर उसकी मुलाकात आफताब से हुई थी। दोनों में पहले दोस्ती थी, जो कि बाद में प्यार में बदल गई। फिर दोनों लिव-इन रिलेशन में रहने लगे। जब दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी परिजनों को लगी तो उन्होंने विरोध किया। इसके बाद दोनों अचानक मुंबई छोड़ दिल्ली में आकर रहने लगे।
जब 6 महीने तक परिजनों को श्रद्धा के बारे में कोई जानकारी नही मिली, तब वह दिल्ली मिलने पहुंचे। उनको सोशल मीडिया के जरिए मालूम था कि दोनों दिल्ली के महरौली के छतरपुर में रहने लगे हैं। इस पर वह आठ नवंबर को सीधे दिल्ली के छतरपुर में उस जगह पहुंचे जहां बेटी किराये के फ्लैट में रहती थी, लेकिन फ्लैट में ताला लगा देखा तो दिमाग ठनका और उन्होंने रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। पुलिस के मुताबिक आफताब ने 18 मई को हत्या की थी और श्रद्धा के शरीर के 35 टुकड़े करके फ्रिज में रख दिया था। बताया जा रहा है कि फ्रिज को खरीदने का आइडिया उसे अमेरिकी क्राइम शो डेक्सटर से मिली थी। बताया जा रहा है कि श्रद्धा उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगी थी, जिसकी वजह से रोज दोनों में झगड़े होने लगे थे। इसी के बाद उसने प्रेमिकी की हत्या कर दी।