Lucknow Love Jihad: पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ निधि गुप्ता का हत्यारोपित सूफियान, देखें वीडियो, युवती ने किया था धर्मांतरण का विरोध
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा में निधि गुप्ता के हत्यारोपित एवं 25 हजार के इनामी सूफियान को लखनऊ पुलिस ने शुक्रवार दोपहर पावर हाउस चौराहे के पास लिंक रोड पर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। दोपहर में हुए मुठभेड़ में हत्यारोपी के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस अभिरक्षा में सूफियान को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। इस सम्बंध में सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक शादी के लिए तैयार न होने और धर्मांतरण का विरोध करने के बाद ही सूफियान ने निधी को छत से फेंक दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। मंगलवार शाम को राजधानी में हुए इस बहुचर्चित हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन हिल गया था। निधि गुप्ता की हत्या करने के बाद से ही आरोपित सूफियान फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी।
शुक्रवार दोपहर सूफियान दुबग्गा पावर हाउस के पास से गुजर रहा था। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागा। सूफियान सड़क के नीचे खेतों में उतर गया। डीसीपी पश्चिम एस चन्नप्पा के मुताबिक पालीगान के पुलिसकर्मी ने सूफियान का पीछा किया और थाने को सूचना दी। थाने से भी पुलिस टीम पहुंच गई। सूफियान तमंचे से पुलिस पर फायर करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो वह झाड़ियों में छिप गया।
पुलिस टीम आत्मरक्षा के लिए फायरिंग कर ने लगी। इस बीच सूफियान झाड़ियों से निकलकर फायरिंग करते हुए निकलकर भागा तो पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में जा धंसी। सूफियान मौके पर ही गिर गया। पुलिस के मुताबिक मौके से एक तमंचा बरामद किया गया है। वहीं, निधि के घरवालों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। घटना के बाद निधि के घरवालों और कई सामाजिक संगठनों ने सूफियान की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा, प्रदर्शन और सड़क जाम किया था।
जानें क्या था मामला
बताया जाता है कि ठाकुरगंज के मुसाहिबगंज में रहने वाले सूफियान की निधि गुप्ता से बातचीत होती थी। निधि गुप्ता के परिवार वालों का आरोप है कि सूफियान उस पर धर्मांतरण करने का दबाव बना रहा था। मंगलवार शाम को भी सूफियान ने धमकी दी थी। इस पर निधी के साथ उसके परिवारीजन सूफियान के फ्लैट पर पहुंचे और उसकी हरकतों का विरोध किया तो सूफियान ने निधी को दौड़ा लिया। इस पर निधि बचने के लिए छत पर भागी तो सूफियान ने उसे दूसरी मंजिल से नीचें फेंक दिया था, जिससे मौके पर ही निधि की मौत हो गई थी।