Covid 19: ताजमहल घूमने आया पर्यटक निकला कोरोना पॉजिटिव, केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, भारत आने से पहले इन 6 देशों के यात्रियों का होगा RT-PCR, जानें कब से लागू होगा नियम

December 29, 2022 by No Comments

Share News

एक बार फिर से कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने चीन, हांगकांग के साथ ही जापान, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड के यात्रियों के लिए यात्रा शुरू करने से पहले आरटी-पीसीआर परीक्षण कराना अनिवार्य कर दिया है। यह निर्णय सरकार ने उस वक्त लिया है जब आगरा के ताजमहल घूमने आए एक पर्यटक का सैंपल पॉजिटिव पाया गया है। इसके बाद से ही पर्यटक लापता है और उसकी फोन भी स्विच ऑफ बता रहा है। फिलहाल सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसे तलाशने की कोशिश की जा रही है।

इन देशों पर एक जनवरी से लागू होगा नियम
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि चीन, हांगकांग, जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर और थाईलैंड से भारत की यात्रा पर आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को अनिवार्य रूप से अपने देशों से यात्रा शुरू करने से पहले आरटी-पीसीआर परीक्षण से गुजरना होगा और कोविड नकारात्मक आरटीपीसीआरप परीक्षण रिपोर्ट को एयर सुविधा पोर्टल पर अपलोड करना होगा। ये नियम एक जनवरी से लागू होगा।

कोरोना पॉजिटिव पर्यटक है अर्जेंटीना का
मीडिया सूत्रों के मुताबिक आगरा में चीन से लौटे मैनेजर के बाद अब ताजमहल देखने आया अर्जेंटीना का पर्यटक कोरोना संक्रमित मिला है। स्वास्थ्य विभाग पर्यटक की तलाश में जुटा है। तो वहीं पर्यटक का मोबाइल नम्बर भी फर्जी निकला है। उसने जो नम्बर लिखवाया था वो पंजाब का निकला है। बता दें कि जबसे कोरोना के केस बढ़े हैं तभी से ताजमहल आने वाले विदेशी पर्यटकों की कोरोना जांच की जा रही है। ऐसे में मंगलवार को ताजमहल पर अर्जेंटीना से आए पर्यटक के सैंपल लिए गए थे। सैंपल जांच के लिए SN मेडिकल कॉलेज भेजे गए थे। बुधवार को पर्यटक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अर्जेंटीना के इस पर्यटक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसे ट्रैस करना शुरू किया। पर्यटक ने कोरोना सैंपल लेते समय जो नंबर लिखाया था, वह बंद जा रहा है।

इस सम्बंध में सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि पर्यटक ने मोबाइल नंबर दर्ज कराया था, वो फर्जी निकला है। नंबर पंजाब का निकला है। पर्यटक का अभी तक पता नहीं चल सका है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ताजमहल व एयरपोर्ट के CCTV कैमरे देखे जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग पर्यटक के बारे में जानकारी जुटा रही है। अभी तक यह नहीं पता चला है कि अर्जेंटीना का यह पर्यटक आगरा के ही किसी होटल में रुका हुआ है या फिर ताजमहल देखने के बाद आगरा से चला गया है।

होटल व्यवसायियों से पर्यटकों की मांगी गई है डिटेल
आगरा से पर्यटक के लापता होने के बाद स्वास्थ्य विभाग होटल व्यवसायियों के साथ बैठक की है और उनसे विदेशी पर्यटकों के बारे में सभी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

4 दिन में कोरोना का मिला दूसरा मरीज
मीडिया सूत्रों के मुताबिक चार दिन में कोरोना का यह दूसरा मरीज मिला है। इससे पहले 24 दिसंबर को मारुति एस्टेट क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाला युवक कोरोना पॉजिटिव मिला था। यह युवक 22 दिसंबर को चीन से लौटा था। राहत ये है कि युवक की पत्नी और बेटे सहित संपर्क में आई 37 लोगों की रिपोर्ट बाद में नेगेटिव आई है। फिलहाल सरकार इस बार कोरोना के मामले में कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। इसलिए सभी को गाइडलाइन फॉलो करने के निर्देश दे दिए गए हैं।