Ayodhya: राम मंदिर निर्माण कार्य 60 फीसदी पूरा, मकर संक्रांति पर होगी प्राण प्रतिष्ठा, महाराष्ट्र की लकड़ियों से बनेंगे दरवाजे, जानें 6 द्वारों के क्या रखे गए हैं नाम, देखें वीडियो और तस्वीरें

January 14, 2023 by No Comments

Share News

लखनऊ। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने शुक्रवार को राम मंदिर निर्माणकार्य की प्रगति से राम भक्तों को अवगत कराया। इस तरह से जानकारी सामने आई कि राम मंदिर का निर्माण कार्य करीब 60 फीसदी पूरा हो गया है और 2024 की मकर संक्रांति पर भगवान राम के बाल स्वरुप की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस सम्बंध में कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने शुक्रवार को मीडिया को जानकारी दी कि अक्तूबर 2023 तक मंदिर के प्रथम तल का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। 2024 मकर संक्रांति तक भगवान रामलला की मंदिर के गर्भगृह में प्राण प्रतिष्ठा हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी तक जो तैयारी है, उसके मुताबिक प्राण प्रतिष्ठा का काम 1 जनवरी से 14 जनवरी के बीच करने की योजना है। मंदिर निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

इस लिंक पर जाकर देखें चंपत राय ने क्या बताया बालक राम का कैसा होगा चित्र

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर अपने तय समय सीमा से पहले बनकर तैयार होगा। मंदिर का निर्माण कार्य तेज गति के साथ चल रहा है। लगभग 60 फीसदी कार्य अब तक पूरा कर लिया गया है। हालांकि जनवरी 2024 में मंदिर के गर्भगृह का कार्य पूरा कर भगवान को स्थापित कर दिया जाएगा। रामलला की मूर्ति 5 वर्ष से 7 वर्ष के बीच के बालक स्वरूप में होगी। भगवान श्रीराम की मूर्ति ट्रस्ट के मुताबिक 8.8 फुट लंबी होगी।

महाराष्ट्र के जंगल में काटी जा रही है सागौन की लकड़ियां

मीडिया सूत्रों के मुताबिक राम मंदिर में निर्माण के कार्य के साथ ही फिनिशिंग का कार्य चल रहा है। मूर्ति स्थापना, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, शौचालय सहित इसमें इसमें लगने वाले दरवाजों के लिए लकड़ी की व्यवस्था समय से पूर्व की जा रही है। बताया जा रहा है कि मंदिर के दरवाजों के लिए महाराष्ट्र के जंगलों में सागौन की लकड़ी मंगाई जा रही है। लकड़ी को निर्धारित माप में काट कर अयोध्या लाया जाएगा। महाराष्ट्र सरकार से लकड़ी खरीदी जा चुकी है। मंदिर में 44 दरवाजे लगाए जाएंगे। इसमें तकरीबन एक हजार सात सौ घन फीट लकड़ी लगेगी, लेकिन लगभग दो हजार घन फीट लकड़ी खरीदी गई है।

ये है दरवाजे की माप
मंदिर के प्रत्येक तल पर लगने वाला दरवाजा नौ फीट ऊंचा व सात फीट चौड़ा होगा। इन दरवाजों पर विशेष तरह की आकृतियां होंगी, जैसे कलश, सूर्य, चक्र, शंख, गदा और विविध फूल। राम मंदिर तीन तल का होगा। इसके प्रत्येक तल पर 14-14 दरवाजे होंगे। इस समय मंदिर के प्रथम तल का निर्माण चल रहा है।

कारीगरों पर नजर, तलाश शुरू
जानकारी सामने आई है कि मंदिर के दरवाजे निर्मित किए जाने के लिए अब कारीगरों पर भी नजर दौड़ायी जा रही है। ट्रस्ट व कार्यदायी संस्था कुशल कारीगरों की तलाश कर रही है। यूपी के आगरा के अलावा राजस्थान के कुछ स्थानों के लकड़ी कारीगरों पर विचार चल रहा है। ये कारीगर यहीं पर कैंप कर परिसर में ही निर्धारित माप के दरवाजे बनाएंगे।

ये होंगे द्वारों के नाम

सोशल मीडिया पर वायरल जानकारी के मुताबिक अयोध्या नगरी के सभी 6 हाइवे पर बनने वाले प्रवेश द्वार का नाम रामायण के पात्रों पर ही रखा गया है। लखनऊ रोड के द्वार का नाम श्रीराम द्वार, प्रयागराज की ओर भरत द्वार, गोंडा रोड की ओर लक्ष्मण द्वार, गोरखपुर की ओर हनुमान द्वार, वाराणसी की ओर जटायु द्वार, रायबरेली रोड की ओर गरुड़ द्वार नाम रखा गया। (फोटो-सोशल मीडिया)

लिंक पर जाकर देखें वीडियो, देखें कैसा होगा राम मंदिर