Varanasi Viral Video:”…खाल खिंचवा लूंगा” प्रदर्शन कर रहे लोगों को धमकी देने का पुलिस अधिकारी पर लगा आरोप, वीडियो वायरल, कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग
Varanasi Viral Video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस अधिकारी कहते दिख रहे हैं कि, “व्यक्तिगत मत हो, खाल खिंचवा लूंगा…”. यह वीडियो वाराणसी से सामने आया है. जानकारी सामने आ रही है कि, बीएचयू गेट पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ नोकझोंक हुई है. एसीपी भेलूपुर प्रवीण सिंह के खिलाफ कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग की है. उनके ऊपर कांग्रेस ने गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया है और कहा है कि एसीपी ने खाल खिंचवा लेने की धमकी दी है. खबर वायरल वीडियो के आधार पर लिखी गई है, इसकी पुष्टि खबर स्टिंग नहीं करता.
रविवार को एनएसयूआई कार्यकर्ता बीएचयू गेट पर प्रदर्शन कर रहे थे और मांग कर रहे थे कि जम्मू कश्मीर में दिवंगत अग्निवीर को शहीद का दर्जा दिया जाए. इस दौरान प्रदर्शनकारी राज्य व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. इसी बीच एसीपी भेलूपुर पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को हटवाने की कोशिश करने लगे. तभी प्रदर्शनकारियों और एसीपी के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 28 सेकेंड के वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि, एसपी व प्रदर्शकारियों के बीच नोंकझोंक हो रही है. एसीपी भेलूपुर कहते हैं कि प्रदर्शन करिए, लेकिन व्यक्तिगत न होइए. इस पर प्रदर्शनकारी हंगामा और नारेबाजी करना शुरू कर देते हैं. इसी बीच एसीपी कहते हैं कि व्यक्तिगत मत होना, खाल खिंचवा लूंगा यहीं पर…इस वीडियो के वायरल होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपते हुए एसीपी प्रवीण सिंह के ट्रांसफर की मांग की है.
अमिताभ ठाकुर ने भी किया विरोध
इसी के साथ यूपी कैडर के रिटायर्ड आईपीएस व आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने वीडियो का विरोध किया है और कहा है कि, 28 सेकंड के इस वीडियो के अंत में वाराणसी के एसीपी भेलूपुर प्रवीण कुमार सिंह यह कह रहे हैं कि ज्यादा पर्सनल मत होना, नहीं तो खाल खिंचवा लूंगा. इसी के साथ अमिताभ ठाकुर ने डीजीपी यूपी तथा अन्य को शिकायत भेजते हुए प्रकरण में कार्रवाई की मांग की है. इसी के साथ ये भी कहा है कि, एक पुलिस अफसर द्वारा इस प्रकार की भाषा का खुलेआम प्रयोग यह साबित करता है कि मौजूदा सरकार में पूरी तरह पुलिसया राज कायम हो गया है. इसी के साथ अमिताभ ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि, वो स्वयं वाराणसी जाएंगे और एसीपी भेलूपुर से अपनी खाल खिंचवाने का अनुरोध करेंगे.
वीडियो एडिटेड है
तो दूसरी ओर इस वायरल वीडियो को लेकर एसीपी भेलूपुर प्रवीण सिंह ने अपनी सफाई में कहा है कि, रविवार को बीएचयू गेट पर कुछ बाहरी तत्व प्रदर्शन में शामिल होकर माहौल खराब कर रहे थे. इसी दौरान उनको समझा कर हटाया जा रहा था. उन्होंने कहा कि 28 सेकेंड का वायरल वीडियो एडिटेड है.
यहां देखें वीडियो