Pager Attack: आखिर अचानक कैसे फट गए सैकड़ों पेजर्स? हुआ ये चौंकाने वाला खुलासा; प्लांट किया गया था 3 ग्राम बारूद-Video

September 18, 2024 by No Comments

Share News

Hezbollah Pager Attack: लेबनान में हजारों पेजर ब्लास्ट होने के बाद से ही पूरी दुनिया में हड़कंप मच गया है क्योंकि इसे नए तरीके का खतरनाक युद्ध बताया जा रहा है. तो वहीं ताजा खबर सामने आ रही है कि इस मामले में नया मोड़ आया है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट पेश की है और बताया है कि इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद ने लेबनान पहुंचने से पहले 5000 पेजर्स में विस्फोटक लगाए थे.

ये भी कहा जा रहा है कि मोसाद ने हर पेजर में 3 ग्राम विस्फोटक प्लांट करवाया था. दूसरी ओर इस घटना को लेकर अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स ने दावा किया है इजराइल ने अमेरिकी अधिकारियों को हमले के बाद इस ऑपरेशन को लेकर ब्रीफ दिया है. इजराइल ने अमेरिका को जानकारी दी है कि पेजर के इस नए बैच के लेबनान पहुंचने से पहले वह सप्लाई चेन को भेदने में कामयाब रहा और हर एक पेजर में बैटरी के पास विस्फोटक प्लांट कर दिया गया था.

मालूम हो कि मंगलवार को अचानक लेबनान और सीरिया के कुछ इलाकों में पेजर ब्लास्ट होने से हजारों लोग घायल हो गए थे. फिलहाल इस हमले को लेकर हिजबुल्लाह ने इजराइल पर आरोप लगाया है और उसे सजा देने की बात कही है. बुधवार की सुबह जारी किए गए एक बयान में हिजबुल्ला ने कहा है कि वह पहले की तरह इजराइल के खिलाफ अपने सामान्य हमले जारी रखेगा तो वहीं ये भी जानकारी सामने आ रही है कि गुरुवार को हिजबुल्लाह चीफ हसन नसरल्लाह पेजर धमाके को लेकर भी बयान भी देंगे.

ईरान के राजदूत भी हुए हैं घायल
बता दें कि लेबनान में जो पेजर अटैक हुआ है उसमें ईरान के राजदूत मोजतबा अमानी भी घायल हुए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ब्लास्ट में उनकी एक आंख चली गई है. ईरान ने भी पेजर ब्लास्ट के लिए इजराइल पर ही आरोप लगाया है. वहीं लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री द्वारा जारी बयान में बताया गया है कि पेजर ब्लास्ट में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 12 हो गया है, जिसमें 2 बच्चे भी शामिल है. उन्होंने अपने बयान में दावा किया है कि तुर्किये, इराक, ईरान, सीरिया और मिस्र ने मरीजों के इलाज में मदद की पेशकश की है. बेरूत एयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक एक इराकी सैन्य विमान बुधवार को डॉक्टर्स की टीम और कुछ चिकित्सा उपकरण लेकर बेरूत में उतरा है. इस विमान में 15 टन दवाएं और चिकित्सा उपकरण थे. इसके अलावा मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया जा रहा है कि हिजबुल्ला के करीब 500 से अधिक हिजबुल्ला के सदस्यों ने अपनी आंखें खो दी हैं.

अमेरिकी अधिकारी जुटा रहे हैं जानकारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये दावा किया जा रहा है कि एक अमेरिकी अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर जानकारी दी है कि मंगलवार को इजराइल ने इस अभियान को समाप्त करने के बाद अमेरिका को इसकी जानकारी दी थी. दावा किया जा रहा है कि इजराइल ने बताया कि पेजर में कम मात्रा में विस्फोटक छिपाकर रखा गया था और फिर उसमें विस्फोट किया गया था. तो दूसरी ओर अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वॉशिंगटन की इसमें कोई भूमिका नहीं थी न ही अमेरिका इसमें शामिल था. अमेरिकी अधिकारी इससे जुड़ी जानकारी एकत्र करने में जुटे हैं.

जानें क्या है पेजर?
मालूम हो कि पेजर एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है, जिसका पहली बार इस्तेमाल 1950 में न्यूयॉर्क में किया था. तब इसकी रेंज काफी कम थी, मगर बाद में इसे बढ़ा दिया गया लेकिन, 90 का दशक आते ही ये ट्रेंड में आ गया और इसके इस्तेमाल में भी काफी इजाफा हो गया. उस दौर में पेजर हर किसी के पास नहीं होता था, इसका अधिकतर इस्तेमाल बिजनेसमैन, डॉक्टर आदि बड़े लोग ही करते थे. तो वहीं जैसे ही मोबाइल का दौर आया तो दुनिया के अधिकतर देशों में पेजर का इस्तेमाल कम हो गया तो कहीं कहीं इसका इस्तेमाल बंद भी हो गया. हालांकि पिछले कुछ दिनों में लेबनान में पेजर को लेकर खासा रुचि बढ़ी और हिजबुल्लाह ने संचार के लिए अपने अधिकतर सदस्यों को पेजर दिए, ताकि कम्युनिकेशन आसानी से किया जा सके।

सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के मुताबिक दावा किया जा रहा है कि लेबनान ने जिन पेजरों को ताइवान से मंगवाया था। उन पेजरों को मोसाद ने हैक कर लिया था और जब इनको लेबनान पहुंचने के बाद बांटा गया तो उसके बाद मोसाद ने अपने ऑपरेशन को अंजाम दिया। इसी के बाद ही सैकड़ों पेजरों में अचानक ब्लास्ट हुआ. बताया जा रहा है कि जब पेजरों में ब्लास्ट हुआ तो उस दौरान ये लोगों की जेब में रखा था। ब्लास्ट के वक्त कोई सब्जी खरीद रहा था तो कोई बाहर टहलने के लिए जा रहा था.

लेबनान के अल-जदीद टीवी चैनल ने इजरायली सेना पर इन पेजर की बैटरियों को निशाना बनाने का आरोप लगाया और इसी के साथ ही दावा किया है कि बैटरियों को निशाना बनाने की वजह से पेजरों में विस्फोट हुआ है। इस सीरियल ब्लास्ट की एक बड़ी वजह यह भी बताई जा रही है कि इजरायल और हमास युद्ध के बाद हिजबुल्लाह ने हमास के समर्थन में इजरायल को बड़े पैमाने पर निशाना बनाया है। इसी के बाद से ही इजरायल लगातार हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बना रहा है।