Priyanka Gandhi: प्रियंका गांधी के ऊपर इन थानों में दर्ज हैं ये मामले…कमाई इतनी कि बना लिए करोड़ों के गहने और प्रापर्टी; पति से भी निकलीं आगे

October 24, 2024 by No Comments

Share News

Priyanka Gandhi: आखिर गांधी परिवार की बेटी प्रियंका गांधी भी चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतर ही गई हैं. हालांकि इसको लेकर पहले से ही कयास लगाए जा रहे थे लेकिन प्रियंका गांधी ने कई मौकों पर चुनाव न लड़ने की बात कह कर हर कयास पर ब्रेक लगा दिया था लेकिन बुधवार को कांग्रेस नेता ने वायनाड सीट से नामांकन दाखिल कर दिया है.

इस तरह से अब वह इस सीट पर होने वाले लोकसभा उपचुनाव में ताल ठोकती नजर आएंगी. तो वहीं नामांकन के वक्त प्रियंका द्वारा दिया गया शपथ पत्र चर्चा का विषय बना हुआ है. इस हलफनामें में उन्होने बताया है कि उनके पास एक करोड़ से ज्यादा के गहने हैं और उनके ऊपर तीन मामले भी दर्ज हैं।

 

मालूम हो कि प्रियंका गांधी के नामांकन के दौरान उनके भाई राहुल गांधी के साथ ही मां सोनिया गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कांग्रेस के कई बड़े नेता मौजूद रहे. तो वहीं नामांकन से पहले भव्य रोड शो निकाला गया. बता दें कि राहुल गांधी के इस्तीफा देने के बाद से ही वायनाड सीट खाली थी. दरअसल हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव-2024 में राहुल गांधी ने वायनाड के साथ-साथ रायबरेली सीट से भी चुनाव लड़ा था और दोनों ही सीट पर जीत हासिल की थी. इस पर राहुल गांधी ने वायनाड सीट छोड़ दी थी और रायबरेली सीट को अपने पास रखा था. तो वहीं अब अपने भाई की छोड़ी हुई सीट पर बहन प्रियंका किस्मत अजमाने जा रही हैं.

मालूम हो कि नामांकन के दौरान प्रियंका गांधी ने चुनावी हलफनामा दाखिल किया, जिसमें कई रोचक जानकारियां उनके बारे में सामने आई हैं. इस हलफनामें में उन्होंने कुल 77.54 करोड़ रुपये की संपत्ति बताई है। तो आइये देखते हैं कि प्रियंका गांधी ने अपने शपथ पत्र में क्या-क्या बताया है?

पति की कमाई होती है इतनी

शपथ पत्र में प्रियंका गांधी ने पति रॉबर्ट वाड्रा की कमाई के बारे में भी जिक्र किया है, जिसमें बताया गया है कि 2019-20 में रॉबर्ट की कमाई 55.58 लाख रुपये थी। अगले वित्त वर्ष में उनकी कमाई में कमी आई। 2020-21 में ये घटकर 11.38 लाख रुपये रह गई। तो वहीं 2021-22 में कमाई घटकर 9.03 लाख रुपये हो गई। इसके अलावा 2022-23 में रॉबर्ट की कमाई बढ़ी और ये 9.35 लाख रुपये हो गई। इसी के साथ ही 2023-24 में इसमें बढ़ोतरी हुई और ये 15.09 लाख रुपये हो गई।

जानें क्या-क्या है प्रियंका गांधी के पास?

प्रियंका गांधी ने शपथ पत्र में खुलासा किया है कि इस समय उनके पास 52 हजार रुपये की नकदी है तो वहीं रॉबर्ट वाड्रा के पास 2.18 लाख रुपये नकद हैं। इसके अलावा प्रियंका गांधी के चार बैंक खातों में 3.67 लाख रुपये जमा हैं। तो वहीं उनके 2.24 करोड़ रुपये म्यूचुअल फंड में जमा हैं। साथ ही 17.38 लाख रुपये का बीमा आदि भी है.

पति से मिला ये गिफ्ट

हलफनामे में प्रियंका गांधी ने बताया है कि उनके नाम पर एक वाहन है। जिसकी कीमत आठ लाख लाख रुपये बताई गई है। यह कार प्रियंका को उनके पति रॉबर्ट ने उपहार में दी थी। उनके पास 2004 मॉडल वाली होंडा सीआरवी कार है. तो वहीं उनके पति रॉबर्ट वाड्रा के नाम पर तीन वाहन हैं जिनमें से एक बाइक और दो कार हैं। 2008 मॉडल की टोयोटा लैंड क्रूजर है जिसकी कीमत 53 लाख रुपये बताई गई है। तो वहीं दूसरी कार 1993 मॉडल की मिनी कूपर है, जिसकी कीमत डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। तो वहीं शपथपत्र में रॉबर्ट के पास 4.22 लाख रुपये की सुजुकी मोटरसाइकिल का भी जिक्र किया गया है.

इतने करोड़ के हैं गहने

प्रियंका ने शपथ पत्र में बताया है कि उनके पास करीब 1.4 करोड़ रुपये के गहने हैं. उनके पास सोना और अन्य आभूषण 4411.70 ग्राम (सकल) है जबकि 2509.70 ग्राम (शुद्ध) है। इन गहनों की मौजूदा कीमत 1.15 करोड़ रुपये हलफनामें में बताई गई है। प्रियंका के पास 59.83 किलोग्राम के चांदी के सामान हैं, जिनकी कीमत 29.55 लाख रुपये घोषित की गई है। उन्होंने शपथ पत्र में 21.72 लाख रुपये के घरेलू सामान की जानकारी भी दी है। तो वहीं रॉबर्ट के पास 17,439 रुपये के कृत्रिम आभूषण हैं, इसकी भी जानकारी दी गई है. इस तरह से प्रियंका गांधी ने अपने हलफनामे में कुल 42.16 करोड़ रुपये की चल संपत्ति घोषित की है। इसमें से खुद प्रियंका के नाम 4.24 करोड़ रुपये तो पति रॉबर्ट के नाम 37.91 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है।

प्रियंका की कमाई है इतनी

शपथ पत्र में प्रियंका गांधी ने खुद की कमाई को लेकर बताया है कि वित्त वर्ष 2019-20 में उनकी कमाई 69.31 लाख रुपये थी। अगले वित्त वर्ष में उनकी कमाई में कमी आई। 2020-21 में ये घटकर 19.89 लाख रुपये रह गई। 2021-22 में कमाई में इजाफा हुआ और ये 45.56 लाख रुपये हो गई। वहीं, 2022-23 में प्रियंका गांधी की कमाई बढ़ी और ये 47.21 लाख रुपये हो गई। तो वहीं 2023-24 में इसमें कमी हुई और ये 46.39 लाख रुपये रह गई। इस तरह से अगर देखा जाए तो प्रियंका गांधी कमाई के मामले में अपने पति से भी आगे निकल गई हैं.

तीन मामले दर्ज

गांधी परिवार की बेटी प्रियंका के खिलाफ कई थानों में तीन मामले दर्ज हैं। पहला मामला 2019 में दर्ज किया गया था जो उत्तर प्रदेश के रायबरेली वन अधिकारी के क्षेत्र में दर्ज हुआ था। हलफनामें में दी गई जानकारी के मुताबिक, यह शिकायत दो पारंपरिक सांप पकड़ने वालों के खिलाफ दर्ज की गई थी, जो प्रियंका गांधी से मिले थे। इस मामले की जांच के संबंध में संबंधित अधिकारी से एक नोटिस प्रियंका को भेजा गया था.

तो वहीं दूसरा मामला 2020 का है. उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर थानें में दर्ज किया गया था। यह 2020 की हाथरस घटना के विरोध में दर्ज एफआईआर से संबंधित है।

तीसरा मामला 2023 में मध्य प्रदेश में इंदौर के सयोगितागंज थाने में दर्ज किया गया था। उनके द्वारा कथित रूप से भ्रामक ट्वीट किए जाने को लेकर थाने में शिकायत की गई थी।

ये है अचल संपत्ति

प्रियंका गांधी के नाम पर हिमाचल प्रदेश के शिमला में रिहायशी इमारत है, जिसका मौजूदा बाजार मूल्य 5.63 करोड़ रुपये बताया गया है। तो वहीं दिल्ली के महरौली स्थित सुल्तानपुर गांव में दो खेती की जमीन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल के साथ आधे की हिस्सेदार हैं। इन भूखण्डों का मौजूदा बाजार मूल्य 2.10 करोड़ रुपये बताया गया है। तो इसके अलावा प्रियंका के पति के नाम पर गुड़गांव में तीन और नोएडा में एक व्यावसायिक इमारत है, जिसका मौजूदा बाजार मूल्य 27.64 करोड़ रुपये बताया गया है। इसके अलावा शपथ पत्र में प्रियंका गांधी ने कुल 35.38 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति बताई है। इसमें से खुद प्रियंका के नाम 7.74 करोड़ रुपये तो रॉबर्ट के नाम 27.64 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। इसी के साथ ही प्रियंका गांधी के नाम 15.75 लाख रुपये जबकि रॉबर्ट के नाम 10.03 करोड़ रुपये का कर्ज भी है।

शिक्षा

प्रियंका गांधी ने हलफनामे में अपनी शैक्षिक योग्यता की जानकारी देते हुए बताया है कि उन्होंने वर्ष 2010 में यूनिवर्सिटी ऑफ संडरलैंड, यूके से दूरस्थ शिक्षा के जरिए बौद्ध अध्ययन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा हासिल किया था।

जानें क्या है कमाई का जरिया?

प्रियंका गांधी ने अपनी कमाई के जरिए के बारे में शपथ पत्र में बताया है कि किराये की आय, बैंकों से ब्याज, निवेश से आय और अन्य आय से होने वाली कमाई को अपनी आमदनी होती है. इसके अलावा पति रॉबर्ट की कमाई किराये की आय, व्यवसाय आय, ब्याज आय, निवेश से आय और अन्य आय से होती है।

ये भी पढ़ें-भाजपा ने दिलचस्प कर दी विधानसभा उपचुनाव की लड़ाई… इस सीट पर मुलायम सिंह यादव के ही सम्बंधी को उतार दिया मैदान में, जानें क्या है रिश्ता?