डीजे पर डांस को लिए दबंगों ने की जमकर मारपीट…दूल्हे की मौत; शादी वाले घर में पसरा मातम-Video

Share News

Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में शादी के दौरान डीजे पर डांस को लेकर दबंगों ने इस कदर मारपीट की कि दुल्हा बुरी तरह से घायल हो गया. आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान दूल्हे की मौत हो गई है जिससे शादी वाले घर में मातम पसर गया है तो वहीं पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश की जा रही है.

घटना 4 जून की है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी समारोह के दौरान कुछ लोगों के बीच डीजे पर डांस के दौरान कहासुनी हो गई. इस दौरान जयमाल हो रहा था. गाजीपुर के त्रिलोकपुर गांव के रहने वाले ब्रिगेडियर राम के बेटे राकेश राम की बारात 4 जून को जगदीशपुर गांव पहुंची थी.

जयमाल के दौरान ही कुछ दबंग शादी समारोह में जबरन घुस आए और डीजे पर डांस को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर दूल्हा राकेश बीच-बचाव करने के लिए पहुंचा तो दबंगों ने बरातियों के साथ ही दूल्हे पर भी हमला कर दिया.

इसी दौरान एक युवक ने तमंचे की बट से राकेश के सिर पर वार कर दिया, जिससे राकेश बुरी तरह से घायल हो गया. शादी वाले घर में हड़कंप मच गया. मारपीट के दौरान कई बाराती घायल हुए. उनको तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. राकेश की हालत गम्भीर होने पर उसे वाराणसी ले जाया गया जहां इलाज के दौरान शनिवार को यानी आज दूल्हे की मौत हो गई. तो वहीं दूल्हे के पिता की भी हालत गम्भीर बताई जा रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह आईसीयू में भर्ती हैं. तो वहीं पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है.

ये भी पढ़ें-Ajab Gajab: कक्षा-4 में हुई लड़ाई…62 साल बाद लिया बदला; बुजुर्ग के तोड़ डाले दांत