माध्यमिक शिक्षकों की इन समस्याओं को लेकर 11 जुलाई को धरना प्रदर्शन

July 10, 2025 by No Comments

Share News

Lucknow: अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों का शासनादेश के अनुसार ऑफलाइन स्थानानन्तरण न किए जाने तथा 28 मार्च, 2005 के पूर्व विज्ञापित पदों पर 01 अप्रैल, 2005 के बाद नियुक्त अवशेष शिक्षकों को पुरानी पेशन से आच्छादित किए जाने की मांग को लेकर दिनांक 11 जुलाई, 2025 को प्रातः 11 बजे से शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) के 18 पार्क रोड, लखनऊ स्थित शिविर कार्यालय में धरना प्रदर्शन होगा. यह प्रदर्शन उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में होगा।

 उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रादेशिक उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता डा. आर.पी. मिश्र तथा महामंत्री नरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि ऑफलाइन स्थानान्तरण के लिए शासनादेश दिनांक 07 जून, 2025 के अनुसार शिक्षा निदेशालय में दिनांक 06 जून, 2025 तक प्राप्त आवेदनों पर ऑफलाइन स्थानान्तरण किए जाने की स्पष्ट व्यवस्था है।

शासनादेश में यह भी व्यवस्था थी कि स्थानान्तरण की सम्पूर्ण प्रक्रिया 27.06.2025 तक प्रत्येक दशा मे पूर्ण हो जाएगी किन्तु अभी तक ऑफलाइन स्थानान्तरण नहीं किए गए है। इसी के साथ 28 मार्च, 2005 के पूर्व विज्ञापित पदों पर 01 अप्रैल, 2005 के पश्चात नियुक्त शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को 31 मार्च, 2025 तक पुरानी पेंशन योजना से आच्छादित किया जाना था किन्तु निर्धारित अवधि में आपत्तियों के निराकरण के पश्चात भी सैकड़ों प्रकरण अभी तक लम्बित है जिससे प्रदेश के शिक्षकों में आक्रोश व्याप्त है। इसीलिए संगठन को संघर्ष के लिए बाध्य होना पड़़ रहा है।

धरना प्रदर्शन में प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी, नेता शिक्षक दल ध्रुव कुमार त्रिपाठी, एम.एल.सी, महामंत्री नरेन्द्र कुमार वर्मा, संरक्षक एवं पूर्व एम.एल.सी. जगवीर किशोर जैन, हेम सिंह पुण्डीर, सुभाष चन्द्र शर्मा, पूर्व महामंत्री इन्द्रासन सिंह, पूर्व एम.एल.सी प्रमोद कुमार मिश्र सहित प्रदेश के कार्यकारिणी के पदाधिकारी, विभिन्न समितियों के सदस्यगण, मण्डलीय पदाधिकारी एवं जनपदीय पदाधिकारी तथा सक्रिय कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे।

ये भी पढ़ें-राजस्थान में फाइटर प्लेन क्रैश…दोनों पायलट की मौत; जानें कहां जाता है मलबा?-Video