Big News: संसद भवन की सुरक्षा में बड़ी चूक…दीवार फांदकर घुसा अज्ञात शख्स
Delhi News: दिल्ली से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां संसद भवन की सुरक्षा में एक बार फिर सेंधमारी करते हुए भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक अज्ञात शख्स घुस गया. मीडिया सूत्रों के हवाले से खबर सामने आ रही है कि एक अज्ञात शख्स रेल भवन की तरफ से पेड़ के जरिए दीवार फांदकर अंदर घुस गया. इसके बाद हड़कंप मच गया। सूत्रों ने बताया कि शख्स इस दौरान गरुड़ द्वार तक पहुंच गया।
मालूम हो कि कुछ समय पहले की संसद भवन की सुरक्षा सीआईएसएफ (CISF) के हाथों में सौंपी गई। यह देश की अति महत्वपूर्ण इमारत है. इसी वजह से इसके चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों की पैनी नजर रहती है और जगह-जगह पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं जिस की निगरानी लगातार होती रहती है लेकिन एक बार फिर इसकी सुरक्षा में सेंध लगने पर अब सुरक्षाव्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार यानी आज सुबह करीब 6:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने नई संसद भवन की दीवार फांदी. हालांकि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया और अब उसकी पहचान की जा रही है। उसके पास कोई हथियार था या ऐसे ही वह संसद में घुसा इसका पता लगाया जा रहा है। फिलहाल कई बिंदुओ पर सुरक्षाकर्मी की टीम जांच कर रही है।
शख्स को ले जाया गया थाने
तो वहीं संदिग्ध को संसद मार्ग पुलिस थाने ले जाया गया है. इस सम्बंध में पुलिस का बयान भी सामने आया है जिसमें बताया गया है कि संदिग्ध शख्स ने संसद परिसर में अनधिकृत प्रवेश के लिए रेल भवन की ओर से दीवार का सहारा लिया और फिर वह गरुड़ द्वार तक पहुंच गया,जो संसद भवन का एक प्रमुख प्रवेश द्वार है। इसके बाद CISF ने उसे पकड़ कर संसद मार्ग पुलिस स्टेशन को सौंप दिया।
फिलहाल दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि संसद भवन में इस तरह घुसने का उसका मकसद क्या था?
संसद का मानसून सत्र कल ही हुआ है खत्म
बता दें कि गुरुवार यानी कल 21 अगस्त को ही संसद का मानसून सत्र खत्म हुआ है और इसके दूसरे ही दिन हुई इस घटना से हड़कंप मच गया है. मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होकर 21 अगस्त 2025 तक चला है। 32 दिनों तक चले इस सत्र में कुल 21 बैठकें हुईं लेकिन इस दौरान विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी.सत्र के दौरान सरकार ने कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए तो वहीं विपक्ष लगातार पहलगाम आतंकी हमले से लेकर ऑपरेशन सिंदूर और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाकिस्तान युद्धविराम दावों व बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश करता रहा.
ये भी पढ़ें-“अबे जा यहां से…” कहते हुए लोगों ने दिखाया डंडा, भाग खड़ा हुआ शेर-Video