Lucknow: बालिका विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी…सृष्टि और अनुराधा रहीं प्रथम

September 12, 2025 by No Comments

Share News

Lucknow: बालिका विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज मोती नगर लखनऊ में विज्ञान के विभिन्न पहलुओं को लेकर समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत बालिका विद्यालय में 11 सितम्बर को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। चाहे सांस्कृतिक क्षेत्र हो, खेलकूद हो, लिखाई पढ़ाई हो, अपने संस्कार हों अथवा विज्ञान, बालिका विद्यालय की छात्राएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। विज्ञान में नवाचार सदैव उपयोगी और आवश्यक रहा है। यही प्रयोग और प्रोत्साहन बच्चों के भविष्य का निर्माण करता है, उन्हें आत्मबल देता है।

प्रदर्शनी का आयोजन गणित प्रवक्ता सीमा आलोक वार्ष्णेय और जीव विज्ञान प्रवक्ता उत्तरा सिंह के निर्देशन में हुआ। कक्षा 9 से कक्षा 12 तक की छात्राओं ने इस प्रदर्शनी में पूरे उत्साह से प्रतिभाग किया।

Science exhibition

Science exhibition

इस मौके पर पूर्व प्रधानाचार्य नरेंद्र देव ने कहा कि विज्ञान में नवाचार दिखना चाहिए। हमें पूर्व में हो चुके आविष्कारों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। नरेंद्र वर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान जिज्ञासाओं और करके देखने का नाम है। इसलिए हमको सदैव प्रयोगरत रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र ने छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर ध्यान दिया है और उसका परिणाम छात्राओं के व्यक्तित्व में दिखता है। गणित और विज्ञान की शिक्षिकाओं सीमा आलोक वार्ष्णेय और उत्तरा सिंह का समर्पण और अनुभव की झलक भी इन प्रोजेक्ट्स में दिखती है।

कक्षा 9 और 10 की छात्राएं जूनियर वर्ग की थीं और कक्षा 11 एवं 12 की छात्राएं सीनियर वर्ग की थीं। डीएवी इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य नरेंद्र देव और वरिष्ठ प्रवक्ता गणित नरेंद्र वर्मा इस कार्यक्रम के निर्णायक थे। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र ने दोनों को स्मृतिचिन्ह देकर उनका स्वागत किया।

Science exhibition

पुरस्कार प्राप्त करतीं विजेता छात्राएं

नरेंद्र देव और नरेंद्र वर्मा ने विज्ञान के प्रत्येक प्रोजेक्ट को देखकर सराहना की और छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विज्ञान के क्षेत्र में और आगे बढ़कर कैसे राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान दिया जाए ,इनके लिए आवश्यक सुझाव देते हुए अतिथियों ने नए वैज्ञानिक प्रयोगों की चर्चा की।

छात्राओं को और अधिक मेहनत एवं उत्साह से काम करने के लिए प्रेरित किया। कक्षा 9 से कक्षा 12 तक की लगभग 40 छात्राओं ने विभिन्न विषयों को लेकर प्रोजेक्ट बनाए।

इन छात्राओं ने मारी बाजी

निर्णायकों के निर्णय के अनुसार सीनियर वर्ग में सृष्टि सिंह प्रथम स्थान पर रहीं जिन्होंने कार्बन ऑब्जर्वर प्रोजेक्ट बनाया था और कक्षा 11 की शालिनी पाल द्वितीय स्थान पर रहीं जिन्होंने स्ट्रीट लाइट एनर्जी और सेल स्ट्रक्चर के प्रोजेक्ट्स बनाए थे। जूनियर वर्ग में कक्षा 10 की अनुराधा जायसवाल प्रथम स्थान पर रहीं जिन्होंने फ्यूचर वेस्ट मैनेजमेंट विषय को लेकर प्रोजेक्ट बनाया था और कक्षा 10 की हर्षिता मिश्रा द्वितीय स्थान पर रहीं जिन्होंने रेनवाटर हार्वेस्टिंग का प्रोजेक्ट बनाया था। इसके अलावा साउंड पॉल्यूशन, डीएनए, वाटर फिल्टर, वॉटर हीटर तथा न्यूटन के नियमों पर आधारित बहुत सारे प्रोजेक्ट्स छात्राओं ने बनाए।

ये भी पढ़ें-मां की लाश तैरती रही बाढ़ में… मासूम चिल्लाता रहा मदद को ; दिल झकझोर देने वाला Video वायरल