“हंगामा है क्यों बरपा…” ब्राह्मण विधायकों को भाजपा की नई चेतावनी तो इस BJP नेता ने किया समर्थन-Video

December 27, 2025 by No Comments

Share News

Pankaj Chaudhary on Brahmin MLAs Meeting: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हाल ही में भाजपा के ब्राह्मण विधायकों द्वारा की गई बैठक के बाद राजनीति में मानो तूफान सा आ गया है. इस बैठक से सबसे अधिक अगर कोई चिंतित है तो वो है सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा शायद इसीलिए बार-बार भाजपा नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की चेतावनी सामने आ रही है और उनका वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसी दौरान सोशल मीडिया पर कई ब्राह्मण ये कहते नजर आ रहे हैं कि हंगामा क्यों है बरपा एक बैठक जो कर ली है?

दरअसल राजनीतिक हलको में इस बैठक को ब्राह्मणों की एक बड़ी चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि जिस तरह से भाजपा ब्राह्मणों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है, उसी को ध्यान में रखते हुए ब्राह्मण अब एकजुट होने लगे हैं और इस बैठक को 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की नजर भी देखा जा रहा है. यूपी की राजनीति में माना जाता है कि ब्राह्मण जिस दल का साथ देता है विजयी सेहरा उसी के सिर बंधता है.

इसीलिए तो इस बैठक के तुरंत बाद ही सपा ने दांव चलते हुए ब्राह्मण विधायकों को अपने पाले में शामिल करने तक का न्योता दे डाला तो वहीं ब्राह्मणों के तमाम सामाजिक संगठन ये तक कह रहे हैं कि हाल ही में क्षत्रिय, कुर्मी और अन्य जातियों की भी बैठकें हुईं तब भाजपा नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कहां थे और उन्होंने कुछ क्यों नहीं कहा? आखिर ब्राह्मण विधायकों की बैठक से उनको भला क्या दिक्कत? अब दिक्कत क्या है वो तो आने वाला समय ही बताएगा, लेकिन इधर दो दिन से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के कई वीडियो सामने आए हैं जिसमें वह ब्राह्मण विधायकों को चेतावनी देते हुए दिख रहे हैं और इसे संविधान के खिलाफ भी बता डाला है. साथ ही कहा है कि भाजपा सर्वसमाज की पार्टी है.

यहां देखें वीडियो

भविष्य में न करें ये काम

बता दें कि हाल ही में लखनऊ में करीब 40-50 भाजपा के ब्राह्मण विधायकों ने बैठक की थी जिसका संज्ञान लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि ऐसा कोई भी कृत्य बीजेपी के संविधान और आदर्शों के अनुरूप नहीं माना जाना चाहिए. उन्होंने ये भी कहा कि मीडिया में प्रसारित एक कथित समाचार के अनुसार पिछले दिनों विधानसभा सत्र के दौरान कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा विशेष भोज का आयोजन किया गया था. इसको लेकर अपने समाज को लेकर चर्चा की गई. वह आगे बोले कि भाजपा सिद्धांतों और आदर्शों पर आधारित राजनीतिक दल है. भाजपा और उसके कार्यकर्ता परिवार या वर्ग विशेष को लेकर राजनीति करने में बिल्कुल भी विश्वास नहीं करते हैं.

मानी जाएगी अनुशासनहीनता

पंकज चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए ये भी कहा कि ऐसे सभी जनप्रतिनिधियों से कहा गया है कि इस तरह की गतिविधियों से समाज में गलत संदेश जाता है. साथ ही इस तरह की बैठक को भविष्य में न करने की चेतावनी भी दी गई है. वह बोले कि अगर बीजेपी के किसी जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की गतिविधियों को दोहराया जाता है तब ऐसी स्थिति में पार्टी के संविधान के अनुरूप अनुशासनहीनता माना जाएगा.

ब्रज भूषण ने कही ये बात

ब्राह्मण विधायकों की हुई बैठक पर उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली तक की राजनीति में खलबली मची हुई है. जहां एक ओर ब्राह्मण समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है और ब्राह्मणों की एकजुटता की बात कही जा रही है तो दूसरी ओर भाजपा खेमे में जबरदस्त बवाल मचा हुआ है. इसी बीच भाजपा नेता व पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह का बयान सामने आया है और उन्होंने इसका समर्थन किया है और कहा है कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है.

योगी के राज्य में हो रही है ब्राह्मणों की हत्या

ब्राह्मणों की बैठक के बाद कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा कि योगीराज में ब्राह्मण असुरक्षित है और ब्राह्मणों की हत्या हो रही है. उन्होंने यूपी में कुछ ब्राह्मणों के खिलाफ की गई कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि विधायकों को पहले ही मोर्चा लेना चाहिए था लेकिन देर आए तो दुरुस्त आए. इससे पहले भी कई बार इस तरह की बैठकें अन्य जातियों के द्वारा हुई है तब किसी भी भाजपा अध्यक्ष द्वारा ऐसा नहीं किया गया जबकि पंकज चौधरी द्वारा ब्राह्मण समाज के विधायकों को हिदायत दी गई है कि अगर वे दुबारा ऐसा करते हैं तो उसे अनुशासन के खिलाफ माना जाएगा. अजय राय ने ये भी कहा कि ब्राह्मण विधायकों के साथ पूरी कांग्रेस पार्टी खड़ी है.

ये भी पढ़ें-ब्राह्मण विधायकों की बैठक के बाद यूपी में सियासी भूचाल…सपा ने दिया ये खुला ऑफर-Video