DM ने पेश की मिसाल…बेटी का एडमिशन करा दिया आंगनवाड़ी स्कूल में; वजह भी बताई- Video वायरल
Chitrakoot DM Pulkit Garg Daughter’s video Viral: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा जिसमें साफ दिख रहा है कि एक नन्हीं बच्ची जमीन पर बिछी चटाई पर बैठी है और कुछ बच्चों के साथ मिलकर ABCD व गिनती सीखने की कोशिश कर रही है. ये बच्ची कोई और नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की तीन साल की बेटी सिया है.
डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट पुलकित गर्ग ने हाल ही में अपनी बेटी का आंगनवाड़ी स्कूल में एडमिशन करवाया है और तभी से उनकी जमकर प्रशंसा हो रही है. ऐसा कर पुलकित गर्ग ने समाज में एक मिसाल पेश की है. क्योंकि जहां बड़े-बड़े अधिकारियों और अद्योगपतियों व मंत्रियों के बच्चों का दाखिला बड़े-बड़े स्कूलों में कराया जाता है तो वहीं IAS पुलकित गर्ग ने अपनी बेटी की प्राथमिक शिक्षा के लिए आंगनबाड़ी केंद्र को चुना. लोगों का कहना है कि ऐसा कर जिलाधिकारी ने लोगों में आंगनबाड़ी स्कूलों के प्रति भरोसा बढ़ा दिया है.
दरअसल माना जाता है कि आंगनबाड़ी केंद्र सिर्फ गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए ही होते हैं. इसीलिए इसमें किसान व गरीबों, व मलिन बस्ती के बच्चे ही पढ़ने जाते हैं, जहां पोषक आहार मिलता है और 6 साल से कम उम्र के बच्चों को प्राथमिक शिक्षा दी जाती है. अक्सर आंगनबाड़ी केंद्रों में अच्छा पोषक आहार बच्चों को न मिलने की खबरें भी सामने आती रहती हैं. ऐसे में डीएम पुलकित ने अपनी बच्ची का आंगनबाड़ी केंद्र में एडमिशन कराया है जिससे केंद्र पर अच्छी सुविधाएं होंगी और सभी बच्चों के लिए अच्छी सुविधाएं भी होंगी और केंद्र साफ-सुथरे रहेंगे.
बच्चों के साथ बैठकर खा चुके हैं मिड-डे मील
बता दें कि डीएम के तौर पर पुलकित गर्ग की चित्रकूट में पहली पोस्टिंग हैं और वह यहां आने के बाद से ही लगातार चर्चा में हैं. चित्रकूट में आए हुए उनको सिर्फ 4 महीने ही पूरे हुए हैं इतने कम दिन में ही उन्होंने पानी बचाने के क्षेत्र में खास काम किया है. तो वहीं पिछले साल उनका एक वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें वह स्कूल के बच्चों के साथ मिड-डे मील खा रहे थे तो वहीं अब उन्होंने आंगनवाड़ी में अपनी बेटी का दाखिल करवा कर एक बड़ी मिसाल पेश की है जिसकी चर्चा लगातार सोशल मीडिया पर हो रही है.
नन्ही-मुन्नी इस बिटिया का नाम सिया है..
और आप जानते हैं इसके पापा कौन हैं!! देश की सबसे पॉवरफुल सर्विस यानि आईएएस के शानदार अफसर पुलकित गर्ग..
आईएएस पुलकित गर्ग फिलवक्त चित्रकूट के डीएम हैं और उन्होंने अपनी 3 साल की बेटी सिया का एडमिशन आंगनवाड़ी केंद्र की प्री क्लास में कराया… pic.twitter.com/KHSWrwrWhP— Vivek K. Tripathi (@meevkt) February 1, 2026
एडमिशन से पहले किया दौरा
डीएम ने बेटी सिया का एडमिशन कर्वी के नए बाजार इलाके के एक आंगनवाड़ी में कराया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेटी के दाखिले से पहले उन्होंने खुद स्कूल का दौरा भी किया और सभी व्यवस्था की जांच की. करीब चार दिन पहले सिया का एडमिशन यहां करवा दिया.
इसलिए चुना आंगनवाड़ी केंद्र
सोशल मीडिया पर डीएम पुलकित गर्ग का एक बयान वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने बेटी का दाखिला आंगनवाड़ी केंद्र में करवाने के पीछे एक खास वजह बताई है. उन्होंने कहा है कि हाल के सालों में सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ी सेंटर्स को लेकर लोगों की सोच में बहुत बदलाव देखा गया है. उन्होंने आगे कहा है कि अब आंगनवाड़ी सेंटर्स में बच्चों को न्यूट्रिशन, हेल्थ, वैल्यूज और सेफ माहौल मिल रहा है. जिलाधिकारी गर्ग ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल सोच से आगे बढ़े. सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ी सेंटर्स पर भरोसा करें. यहां भी बच्चों को सेफ्टी और केयर के साथ शिक्षा मिलती है.
जानें कौन है IAS पुलकित गर्ग?
पुलकित गर्ग ने सिविल इंजीनियरिंग में B.Tech किया है. बता दें कि IAS पुलकित गर्ग मूल रूप से हरियाणा से जुड़े हैं और वह उत्तर प्रदेश कैडर 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में चित्रकूट के जिलाधिकारी हैं. यहां डीएम बनने से पहले वह म्युनिसिपल कारपोरेशन झांसी के कमिश्नर थे और यहां आइकॉनिक रोड प्रोजेक्ट शुरू किया था. इससे लोगों की जिंदगी की क्वालिटी को बेहतर बनाया था. तो इसी के साथ ही वह बनारस विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के पद पर भी रह चुके हैं.