Sunetra Pawar News: महाराष्ट्र को मिली पहली महिला डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार…महायुति ने यूं ही नहीं चला है ये दांव; तो वहीं शरद पवार ने किया चौंकाने वाला दावा-Video

January 31, 2026 by No Comments

Share News

Sunetra Pawar News: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार की हाल ही में प्लेन क्रैश में मौत हो जाने के बाद राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाया गया है. इस तरह से वह महाराष्ट्र की पहली महिला सीएम बनीं हैं. शनिवार शाम को महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में मुंबई के लोक भवन में आयोजित इस गरिमामय समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

इसी के साथ ही सुनेत्रा को राज्य एक्साइज ड्यूटी, खेल और युवा कल्याण, अल्पसंख्यक विकास और औकाफ विभाग दिए गए हैं. तो वहीं प्लानिंग और फाइनेंस विभाग, जो पहले अजित पवार के पास थे, अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास रहेंगे. कार्यक्रम एकदम सादे समारोह में हुआ. इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, एनसीपी प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे.

इस तरह से पति अजित पवार के आकस्मिक निधन के तीन दिन बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा के कंधों पर राज्य की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है. विधान भवन के उसी ऑफिस में यह बैठक हुई जहां कभी अजित पवार बैठा करते थे. बता दें कि शपथ ग्रहण समारोह से पहले, दोपहर को एक बैठक में सुनेत्रा पवार को एनसीपी विधायक दल का नेता चुना गया. इसकी अहम बैठक दक्षिण मुंबई के विधान भवन परिसर में हुई. इस दौरान वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन छगन भुजबल ने किया.

बैठक की शुरुआत में सुनेत्रा पवार ने अपने दिवंगत पति की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की. इस मौके पर उनके छोटे बेटे जय पवार भी मौजूद रहे. बैठक के दौरान सभी दुखी दिखाई दिए. कई मंत्री व विधायक अपने आंसू नहीं रोक पाए.

एनसीपी चीफ शरद पवार ने दिया ये बयान

इसी बीच एनसीपी (एसपी) चीफ शरद पवार का चौंकाने वाला बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. उन्होंने बारामती में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि उन्हें सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण को लेकर किसी तरह की कोई जानकारी नहीं है. अपने बयान में उन्होंने ये भी कहा कि ‘हमें इस बारे में खबरों से पता चला. उनके दल ने क्या फैसला लिया, इसमें हमारी कोई सलाह नहीं ली गई.’ इसी के साथ ही शरद पवार ने यह भी दावा किया है कि अजित पवार दोनों गुटों के विलय के पक्ष में थे. यही नहीं उन्होंने ये भी दावा किया कि अजीत पवार 12 फरवरी को पार्टी के एक होने की घोषणा करने वाले थे लेकिन विमान हादसे ने सब कुछ बदल कर रख दिया.

महायुति के इस प्लान को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा

सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही राजनीति गलियारों में ये चर्चा तेज है कि महायुति ने सुनेत्रा को उपमुख्यमंत्री बनाकर अपना राजनीतिक दांव चला है. दरअसल जहां आज शरद पवार ने ये दावा किया कि अजित पवार दोनों गुटों को एक में मिलाना चाहते थे तो वहीं प्लेन क्रैश में अजित पवार के निधन के बाद जैसे ही यह संकेत मिला कि दोनों एनसीपी के एक होने की स्थिति में पार्टी का पूरा कंट्रोल फिर से शरद पवार के पास जा सकता है, तो महायुति ने सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री का जिम्मा देने का फैसला किया.

चर्चा है कि एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे किसी भी तरह से पार्टी को फिर से शरद पवार के नेतृत्व में नहीं जाने देना चाहते. इस वजह से सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना गया और फिर उनको उपमुख्यमंत्री बनाया गया. तो इसी के साथ ही ये भी चर्चा है कि महायुति के अंदर यह स्पष्ट विचार है कि अगर अजित पवार गुट कमजोर पड़ा या फिर उनकी पार्टी का फिर से विलय हुआ तो एनसीपी पर शरद पवार की पकड़ फिर से मजबूत हो जाएगी. इसी कारण सुनेत्रा पवार को सत्ता के केंद्र में महायुति लेकर आई है और एनसीपी पर संतुलन बनाए रखने की कोशिश की जा रही है.

ये भी पढ़ें-Ajit Pawar Plane Crash: “फोटो खिंचवाने के 100 रुपए लगेंगे…” अजीत पवार के निधन के बाद वायरल हुआ भावुक- Video