Shakuntala University: विश्व स्तर पर चमके DSMNRU के वैज्ञानिक…कुलपति प्रो. संजय सिंह दुनिया के पांच फीसदी वैज्ञानिकों में शुमार

Share News

Shakuntala University News: डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय (Dr. Shakuntala Mishra National Rehabilitation University) के शिक्षाविदों और वैज्ञानिकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय सिंह और इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक प्रो. चन्द्र कुमार दीक्षित को वर्ष 2025 के एससीआईरैंक ग्लोबल रजिस्ट्री (SciRank Global Registry) में “ वर्ल्ड टॉप 5% साइंटिस्ट्स” की सूची में स्थान मिला है।

विश्वविद्यालय को मिली अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान

इस उपलब्धि को लेकर कुलपति प्रो. संजय सिंह ने कहा कि “यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की शोध संस्कृति, नवाचार एवं अकादमिक उत्कृष्टता की वैश्विक पहचान है। हमारे शिक्षकों और शोधार्थियों की मेहनत ने विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। आने वाले समय में हम अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और गुणवत्ता आधारित शिक्षा को और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

प्रो. संजय सिंह के प्रकाशित हैं 199 शोध

प्रो. संजय सिंह का शोध एवं अकादमिक योगदान वैश्विक स्तर पर लगातार चर्चा में रहा है। उनके कुल 199 शोध प्रकाशन हैं, जबकि उनके शोध कार्यों को 10,875 से अधिक बार उद्धृत (Citations) किया जा चुका है। उनका गुगल स्कॉलर एच-इंडेक्स 62 और आई10 इंडेक्स 146 ( i10 Index 146) है। शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में उनका कार्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी समुदाय में विशेष पहचान रखता है।

प्रो. चंद्र कुमार दीक्षित के पास है 29 वर्षों से अधिक का अनुभव

तो वहीं प्रो. चन्द्र कुमार दीक्षित के पास 29 वर्षों से अधिक का समृद्ध शिक्षण, शोध एवं प्रशासनिक अनुभव है। 38 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पेटेंट उनके नाम दर्ज हैं। इनके शोध कार्यों को 3400 से अधिक बार उद्धृत (Citations) किया जा चुका है। एच-इंडेक्स 27 और आई10 इंडेक्स 49 है। प्रो. दीक्षित वर्तमान में विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक के साथ-साथ विभिन्न संकायों के डीन एवं विभागाध्यक्ष के रूप में भी दायित्व निभा रहे हैं। उन्होंने नैनो टेक्नोलॉजी, स्मार्ट मैटेरियल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और कम्प्यूटेशनल मटेरियल साइंस जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय शोध कार्य किए हैं।

ये भी पढ़ें-निलम्बित सिपाही की मां का बड़ा बयान…पुलिस विभाग में पैसा वसूली का गम्भीर आरोप लगाने वाले सुनील शुक्ला ने दी चेतावनी- Video