Lucknow University: कुलपति और LUACTA पदाधिकारियों के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक…लिए गए ये निर्णय
Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी ने आज यानी एक जून को विश्वविद्यालय परिसर में LUACTA (Lucknow University Associated Colleges Teachers’ Association) के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान परीक्षा सुधारों, शिक्षक हितों तथा संबद्ध महाविद्यालयों के अकादमिक विकास पर ठोस निर्णय लिया गया।
बैठक में कुलपति प्रो. सैनी ने कहा कि “शिक्षक किसी भी संस्था की आत्मा होते हैं। उनकी तुलना किसी अन्य कर्मचारी या अधिकारी से नहीं की जा सकती। शिक्षक समाज के लिए एक विशिष्ट सेवक हैं और उनका योगदान विश्वविद्यालय की गुणवत्ता को परिभाषित करता है।” उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय प्रशासन महाविद्यालय से जुड़े शिक्षकों के सुझावों और अनुभवों को नीति निर्माण में सर्वोच्च प्राथमिकता देगा।
बैठक में लिये गये ये प्रमुख निर्णय
परीक्षा भुगतान सुधार: कॉपी मूल्यांकन के बाद शिक्षकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया जा रहा है। इस पोर्टल के माध्यम से मूल्यांकन पूरा होते ही भुगतान स्वतः सुनिश्चित होगा।
शोध एवं अकादमिक विकास: अगले सत्र से संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षकों को पार्ट‑टाइम पीएच.डी. करने की अनुमति दी जाएगी। संबद्ध महाविद्यालयों को शोध केन्द्र के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके मानक निर्धारण के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा, जिससे महाविद्यालय शैक्षणिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली: अगले सत्र से डिजिटल मूल्यांकन तंत्र लागू करने की दिशा में विश्वविद्यालय लगातार प्रयासरत है। इस दिशा प्रयास जारी हैं. इससे कॉपियों और शिक्षकों की भौतिक आवाजाही पर रोक लगेगी तथा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और त्वरित होगी।
खेल एवं छात्र कल्याण: विश्वविद्यालय शीघ्र ही एक स्पोर्ट्स काउंसिल का गठन करेगा। इस परिषद का उद्देश्य खेल गतिविधियों को संस्थागत रूप देना, छात्रों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और विश्वविद्यालय स्तर पर खेलों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना होगा।
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि विश्वविद्यालय और LUACTA मिलकर शिक्षा की गुणवत्ता, परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता, शिक्षक‑छात्र हितों और अकादमिक वातावरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। बैठक में LUACTA अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे, महामंत्री डॉ. अंशु केडिया सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।