भीषण गर्मी का कहर… UP के इस जिले में बदला स्कूल का समय; अब सिर्फ पांच घंटे ही पढ़ेंगे बच्चे
UP School Timing Change: उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और हीटवेव (लू) का कहर भी लगातार जारी है. इसको देखते हुए गौतमबुद्ध नगर के बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों का समय बदल दिया है. जिले के सभी बोर्ड के कक्षा एक से लेकर 8 तक के स्कूलों के समय में बदलाव के निर्देश जारी किए गए हैं..
इस तरह से अब सभी विद्यालय सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही संचालित होंगे. माना जा रहा है कि इससे बच्चों को दोपहर की झुलसाने वाली धूप से बचाया जा सकेगा.
इस सम्बंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) राहुल पंवार का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने कहा है कि सरकारी स्कूलों के साथ ही सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड सहित जिले में संचालित सभी बोर्ड के निजी और सहायता प्राप्त स्कूलों पर भी ये निर्देश लागू होंगे. क्योंकि बच्चों की सुरक्षा ही प्राथमिकता है. सभी शिक्षण संस्थानों को इन नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा. अन्यथा की स्तिथि में कार्रवाई की जाएगी.
शिक्षक संघ ने की थी मांग
बता दें कि भीषण गर्मी को देखते हुए पिछले कुछ दिनों से प्राथमिक शिक्षक संघ समय के बदलाव की मांग कर रहा था. इसको लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम से भी मिला था और बच्चों की हालत के बारे में बताया था. प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीन शर्मा ने जारी बयान में कहा है कि भीषण गर्मी और लू के कारण बच्चों का हाल उस वक्त और बुरा हो जाता है जब दोपहर को छुट्टी होती है. फिलहाल स्कूलों के समय में बदलाव को लेकर अभिभावकों ने राहत महसूस की है.