बद्रीनाथ धाम में भी दान के साथ हेरफेर का लगा आरोप… जांच के आदेश; सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू
Uttarakhand Badrinath Dham: अयोध्या के राम मंदिर के दान चोरी मामला सामने आने के बाद जहां आस्था के मंदिरों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं तो वहीं अब बदरीनाथ धाम में भी दान में कथित हेराफेरी का आरोप लगा है. इसके बाद बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने जांच के आदेश दे दिए हैं और अब मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का बयान इस मामले में सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा है कि इस पूरे प्रकरण में लगे आरोपों को मंदिर समिति ने अत्यंत गंभीरता से लिया है. इसकी जांच निष्पक्ष और तथ्यपरक होगी. जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि बदरीनाथ धाम में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. अगर 2025 की बात करें तो 51 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे.
नहीं हैं मेरे निजी सचिव
समिति के अध्यक्ष ने एक बयान में कहा कि सोशल मीडिया पर जिस कर्मचारी को लेकर उनका निजी सचिव होने का दावा किया जा रहा है, वह उनका निजी सचिव नहीं है. उन्होंने कहा कि वह बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति का नियमित सरकारी कर्मचारी तो है और वैयक्तिक सहायक के रूप में पूर्व में वह मंदिर समिति के तीन अध्यक्षों के साथ कार्य कर चुका है. मालूम हो कि उसके सम्बंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है कि अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
भैरव सेना ने की जांच की मांग
मालूम हो कि बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष से सम्बंधित कर्मचारी पर दान में हेराफेरी का गंभीर आरोप भैरव सेना संगठन ने लगाया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है. साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. शुक्रवार को भैरव सेना के संस्थापक अध्यक्ष संदीप खत्री ने बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी (CEO) सोहन रांगड़ को इस सम्बंध में ज्ञापन भेजा है और आरोपों की जांच कराने की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
तो वहीं इस पूरे मामले में बीकेटीसी के सीईओ सोहन रांगड़ का बयान सामने आया है जिसमें उन्होंने इस संबंध में कहा है कि संगठन की ओर से शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है और अब मंदिर परिसर के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी गई है. साथ ही जांच समिति गठित करने की भी सिफारिश की गई है. जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई का जाएगी.
ये भी पढ़ें-‘चढ़ावा चोरी पाप ही नहीं महापाप है…’, राम मंदिर दान गबन मामले में बोले कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री-Video