Lucknow University: छात्र-छात्राओं के लिए 19 सितम्बर से खुलेगा टैगोर पुस्तकालय का वाचनालय कक्ष

September 18, 2026 by No Comments

Share News

Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) के टैगोर पुस्तकालय के वाचनालय कक्ष को छात्र-छात्राओं एवं शोधार्थियों की सुविधा के लिए 19 सितम्बर, 2026 से फिर से खोल दिया जायेगा। पीएम ऊषा के अर्न्तगत चल रहे नवीनीकरण एवं अनुरक्षण कार्य के कारण वाचनालय कक्ष पिछले कई माह से बंद था, जिसके चलते विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को अध्ययन एवं पठन-पाठन में असुविधा का सामना करना पडता था.

छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक आवश्यकताओं एवं उनकी सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने वाचनालय कक्ष के नवीनीकरण के कार्य को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण करने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कुलपति के निर्देशों के क्रम में कार्यो को तेजी से आगे बढ़ाते हुए वाचनालय कक्ष को पुनः विद्यार्थियों के उपयोग के लिए तैयार किया गया है।

नवीनीकरण एवं अनुरक्षण कार्य के अर्न्तगत टैगोर पुस्तकालय के वाचनालय कक्ष की दीवारों की सीलन को दूर करने के लिए वॉल टाइल्स एवं क्षतिग्रस्त फर्श के स्थान पर टाइल्स को लगाया गया है, खराब एवं बंद पड़ी मेजों की लाइटों तथा पंखों को दुरूस्त कराने के साथ-साथ आवश्यक रंगरोगन एवं अन्य कार्य कराये गये हैं।

इन कार्यो के पूर्ण होने से वाचनालय कक्ष अब विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए अधिक स्वच्छ, सुव्यवस्थित, सुविधाजनक एवं अध्ययन के अनुकूल वातावरण में उपलब्ध होगा।

इस कार्य को निर्धारित समय से पूर्व, पूर्ण कराने में अवैतनिक पुस्तकालयाध्यक्ष, प्रो. रोली मिश्रा की निरंतर निगरानी एवं सक्रिय प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रो. रोली मिश्रा द्वारा अवकाश के दिनों में भी पुस्तकालय खुलवाकर नवीनीकरण एवं आवश्यक अनुरक्षण कार्यो को गति प्रदान की गयी, ताकि वाचनालय कक्ष को विद्यार्थियों के लिए यथाशीघ्र उपलब्ध कराया जा सके।

टैगोर पुस्तकालय का वाचनालय कक्ष 19 सितम्बर 2026 से पुनः छात्र-छात्राओं एवं शोधार्थियों को नियमित रूप से अध्ययन के लिए खोल दिया जायेगा। वाचनालय कक्ष के पुनः संचालन से विद्यार्थियों को विशेष रूप से परीक्षाओं एवं शोध कार्यो की तैयारी में मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें-पिटबुल ने 6 माह के बच्चे पर किया हमला…गम्भीर रूप से घायल; दिल दहला देने वाला Video वायरल