AKTU News: विद्या परिषद की बैठक…छात्रों के हित में उठाया गया ये कदम
AKTU News: डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) में गुरूवार को कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय की अध्यक्षता में विद्या परिषद की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने के क्रम में विश्वविद्यालय ने एमबीए एवं एमसीए में ऑनलाइन कार्यक्रम जनवरी 2026-27 से शुरू करने के लिए यूजीसी को आवेदन किया गया है।
माना जा रहा है कि ऑनलाइन कोर्स शुरू होने से नौकरी के साथ पढ़ाई का भी अवसर मिलेगा। इसी क्रम में अब मार्कशीट को भी छात्रों को डिजिटली उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिल गई। एनईपी 2020 के तहत इंटीग्रेटेड एमबीए एवं एमसीए में पढ़ने वाले छात्र तृतीय वर्ष पूरा होने पर यदि एग्जिट करता है तो उसे बीबीए/बीसीए की डिग्री प्रदान की जाएगी।
विश्वविद्यालय में स्नातक में अप्लाइड आर्ट एवं क्राफ्ट में सिनेमेटोग्राफी पाठ्यक्रम शुरू करने के प्रस्ताव को भी सहमति प्रदान की गयी। इसी क्रम में आईईटी में स्थापित हो रहे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन एनर्जी मैनेजमेंट एवं ऑटोमेशन तकनीकी में इंजीनियरिंग की विभिन्न विधाओं के छात्रों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिससे वो ऊर्जा संरक्षण, सतत विकास में प्रशिक्षित हो सकें। एकेटीयू के छात्रों को विदेश में पढ़ाई का अवसर प्रदान करने के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम पॉलिसी के तहत एसओपी बनाने के लिए डीन यूजी को निर्देशित किया गया।
बैठक में प्रतिकुलपति प्रो. राजीव कुमार, कुलसचिव अर्चना गहरवार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया, निदेशक आईईटी प्रो. वीरेंद्र पाठक, निदेशक कैस प्रो. एसपी शुक्ल, एफओएपी की प्राचार्या प्रो. वंदना सहगल, यूपीआईडी नोएडा के निदेशक प्रो. शैलेंद्र सिन्हा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें-जुबां फिसली, दुर्घटना घटी…CM मोहन यादव जेपी नड्डा को बोल गए मुर्दा…Video