Rajasthan:उदयपुर में दर्जी हत्या के विरोध में उतरे लोगों ने की आगजनी, बंद की दुकानें, 600 की संख्या में भेजी गई पुलिस फोर्स, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा गिरफ्तार कर लिए गए हैं दोनों आरोपी
राजस्थान के उदयपुर के मालदास स्ट्रीच एरिया में दिन दहाड़े गला रेत कर की गई दर्जी की हत्या के विरोध में लोग सड़कों पर उतर आए हैं और घटना के विरोध में आगजनी कर रहे हैं। इसी के साथ मांग की है कि जल्द से जल्दी हत्यारों को गिरफ्तार कर सजा दी जाए। वहीं एएनआई को दिए बयान में हवा सिंह घुमरिया, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने कहा कि एक डीआईजी जो वहां काफी रह चुके हैं उन्हें भेजा गया है। अधिकारियों के साथ-साथ करीब 600 की संख्या में पुलिस फोर्स वहां भेजी गई है, रात तक कुछ और फोर्स भी भेजी जाएगी।
एनआई को दिए बयान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि उदयपुर में युवक की हत्या के दोनों आरोपियों को राजसमंद से गिरफ्तार किया गया है। इस केस में अनुसंधान केस ऑफिसर स्कीम के तहत किया जाएगा एवं त्वरित अनुसंधान सुनिश्चित कर अपराधियों को न्यायालय कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी। मैं पुन: सभी से शान्ति बनाए रखने की अपील करता हूं।
वहीं एएनआई को दिए बयान में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पहले कहा था कि चिंता की बात है। इस प्रकार से किसी की हत्या कर देना दुखद और शर्मनाक है। माहौल ठीक करने की जरूरत है। पूरे देश में तनाव का माहौल बन गया है। मैं बार-बार PM और गृह मंत्री को बोलता हूं कि देश को संबोधित करें। प्रधानमंत्री को अपील करनी चाहिए कि हम किसी भी कीमत पर हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेंगे। सब प्रेम और भाईचारे से रहें।
इसी के साथ कहा कि उदयपुर की ये घटना मामूली घटना नहीं है, ये कल्पना से बाहर है कि कोई व्यक्ति ऐसा भी कर सकता है। हम चाहते हैं कि ऐसे समय में तनाव पैदा न हो, सब मिलकर शांति से रहें। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगी हुई है, जल्द गिरफ़्तारी की जाएगी। कोई कमी नहीं रखेंगे।
वहीं एएनआई को दिए बयान में जिलाधिकारी उदयपुर ताराचंद मीणा ने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती है। क़ानून अपना काम कर रहा है और आरोपियों के ख़िलाफ़ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। पीड़ित परिवार को यथासंभव सहायता प्रदान की जाएगी। जो प्रावधान हैं उसके अंतर्गत कार्रवाई होगी।
वहीं पहले एसपी उदयपुर मनोज कुमार ने एएनआई को बयान देते हुए कहा है कि यह नृशंस हत्या का मामला है। जैसे ही सूचना मिली पुलिस को तैनात कर दिया गया है। अपराधियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ आरोपियों की पहचान हुई है, हमने टीमें भेजी है। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है उसे भी हमने देखा है। (फोटो वायरल वीडियो से ली गई है)