नौ साल की छात्रा ने स्कूल की चौथी मंजिल से कूद कर दी थी जान…अब नए CCTV में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

July 16, 2026 by No Comments

Share News

Jaipur Neerja Modi School Case: जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल में 1 नवम्बर 2025 को कक्षा-4 की छात्रा अमायरा (9) के आत्महत्या मामले में नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इसके बाद एक बार फिर से स्कूल प्रशासन और क्लास टीचर की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए जा रहे हैं.

सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि घटना वाले दिन क्या हुआ था. घटना वाले दिन क्लासरूम से लेकर चौथी मंजिल तक के वीडियो में जो कुछ दिख रहा है. उससे स्कूल की कथित लापरवाही सामने आ रही है.

ये सीसीटीवी फुटेज परिवार की ओर से जारी किया गया है जिसमें साफ दिख रहा है कि अमायरा क्लासरूम में बेहद परेशान है. आरोप है कि उसे कुछ बच्चे डिजिटल स्लेट लेकर आए थे जिसकी अनुमति नहीं थी और उस पर कुछ लिखकर ( Bullying) अमायरा को परेशान कर रहे थे.

इससे तंग आकर अमायरा अपनी क्लास शिक्षिका पुनीता शर्मा के पास पहुंची और शिकायत करने लगी लेकिन उन्होंने उसकी बात नहीं सुनी और दूसरे बच्चों की शिकायतों में पूरा मामला गया. इसके बाद वीडियो में दिखता है कि अमायरा मायूस होकर अपनी सीट पर लौटती है. सोशल मीडिया पर स्कूल से ताजा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जो पूरी घटना को बयां कर रहा है और शिक्षिका की लापरवाही सामने आई है.

सीसीटीवी में चौथी मंजिल की ओर जाती दिखी छात्रा

सीसीटीवी में दिखता है कि छात्रा कुछ देर बाद फिर से शिक्षिका के पास जाती है, लेकिन फिर से उसे शिक्षिका कोई तवज्जो नहीं देतीं और अमायरा निराश हो जाती है व गुस्से में पैर पटकते हुए क्लासरूम से बाहर निकल जाती है. सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि अमायरा दौड़ते हुए स्कूल की चौथी मंजिल तक पहुंच जाती है. इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब अमायरा चौथी मंजिल पर तेजी से जा रही थी तब उसे किसी स्कूल स्टाफ या शिक्षिका ने रोकने की कोशिश क्यों नहीं की.

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि अमायरा चौथी मंजिल की रेलिंग पर चढ़ती है और फिर वहां से नीचे छलांग लगा देती है. जबकि सीसीटीवी फुटेज की शुरुआत में दिख रहा है कि अमायरा सामान्य तरीके से पढ़ाई करती और डांस क्लास में खुश दिखाई दे रही है. परिवार ने सीसीटीवी के जरिए दावा किया है कि इससे साफ होता है कि वह पहले से तनाव में नहीं थी लेकिन क्लास में कथित बुलिंग की वजह से और टीचर द्वारा शिकायत नहीं सुने जाने के बाद वह मानसिक रूप से टूट गई और उसको जब कोई रास्ता नजर नहीं आया तब उसने ये कदम उठा लिया.

नीरजा मोदी स्कूल की निलंबित हो चुकी है मान्यता

मालूम हो कि नीरजा मोदी स्कूल की मान्यता सीबीएसई ने निलंबित कर दी है तो वहीं पुलिस इस मामले में कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है और मामला कोर्ट में चल रहा है. हालांकि परिवार ने चार्जशीट पर गंभीर आपत्ति जताई है और आरोप लगाया है कि जांच में लापरवाही बरती गई है व आरोपियों को बचाने की पूरी तरह से कोशिश की जा रही है.

तो वहीं अब सामने आए नए सीसीटीवी फुटेज ने स्कूल की व्यवस्था व सुरक्षा पर और सवाल खड़े कर दिए हैं. पूरा वीडियो इस बात का सुबूत दे रहा है कि 9 साल की बच्ची खुद के साथ हो रहे कथित बुलिंग की शिकायत बार-बार कर रही है लेकिन टीचर ने उसकी बात नहीं सुनी.

ये भी पढ़ें-मंच पर ही रो दिए नरोत्तम मिश्रा…? दतिया से भाजपा प्रत्याशी के लिए दे रहे थे भाषण; CM ने किया ये काम-Video