Kaali Maa Controversy: काली मां का सिगरेट पीते हुए पोस्टर शेयर करने वाली फिल्ममेकर लीना मणिमेकलाई के खिलाफ एक अधिवक्ता ने दर्ज कराई रिपोर्ट, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली लीना ने कहा, “जान दे दूंगी”
नई दिल्ली। टोरंटों की रहने वाली भारतीय मूल की फिल्ममेकर लीना मणिमेकलाई के खिलाफ सोशल मीडिया पर गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है। दरअसल लीना ने अपनी फिल्म काली का पोस्टर वायरल किया है, जिसमें मां काली को सिगरेट पीता हुआ दिखाया गया है। इसी के साथ पोस्टर में दिखाई दे रहा है कि उनके हाथ में एलजीबीटीक्यू का झंडा है।
इसके खिलाफ सोशल मीडिया पर उठी गिरफ्तारी की मांग के बाद दिल्ली के एक अधिवक्ता विनीत जिंदल ने लीना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इसी के साथ जिंदल ने आपत्तिजनक फोटो और क्लिप पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की है। जिंदल ने बताया कि, पोस्टर में देवी काली के वेश में एक महिला को सिगरेट पीता हुआ दिखाया गया है। जो हिंदू समुदाय की भावनाओं और विश्वासों को आहत कर रही है। इसी के साथ एक अन्य मामला भी लीना के खिलाफ दर्ज कराया गया है, जिसे गौ महासभा सदस्य अजय गौतम ने दर्ज कराया है।
ट्विटर से लेकर कू और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कल से वायरल हो रहे इस पोस्टर के खिलाफ धीर-धीरे करोड़ों लोग उतर आए हैं और गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। लीना पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया है। इसी के साथ फिल्म को बैन करने की भी मांग की जा रही है। सोशल मीडिया पर #arrestleenamanimekalai (हैश टैग अरेस्ट लीना मणिमेकलाई ) जमकर ट्रेंड कर रहा है।
वहीं लीना ने हो रहे विरोध के खिलाफ बोलते हुए ट्वीटर पर लिखा है कि, मेरे पास खोने को कुछ नहीं है और अगर इसकी कीमत उनकी जान है तो वो इसके लिए भी तैयार हैं। उन्होंने आगे लिखा है कि मैं एक ऐसी आवाज के साथ खड़ी रहना चाहती हूं जो आखिरी दम तक बिना किसी डर के बोलती है। अगर इसकी कीमत मेरी जान है, तो दे दूंगी।