Bisleri के पानी पर बवाल…कंपनी ने दी सफाई; जानें कितना खतरनाक है ब्रोमेट?
Bisleri Drinking Water Controversy: बोतल बंद पीने वाले पानी की अब सभी कंपनियों की जांच होने जा रही है. दरअसल हाल ही में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी (Bisleri) के पानी का सैंपल टेस्ट में दो बार फेल हो गया था और इसी के बाद सरकारी संस्था FSSAI ने केस चलाने की मंजूरी दे दी है. इसी के बाद से देश में सबसे विश्वसनीय मानी जाने वाली कंपनी के पानी की शुद्धता को लेकर बहस छिड़ गई है.
तो वहीं इन सबके बीच कंपनी का आधिकारिक बयान सामने आया है जिसमें कंपनी ने दावा किया है कि ये मामला लगभग 14 महीने पुराना है. सोमवार को बिसलेरी इंटरनेशनल ने बयान जारी कर कहा है कि पिछले साल 30 सितंबर को FSSAI की टीम ने गोवा प्लांट से कुल 6 नमूने जांच के लिए ले गई थी जिसमें से 5 नमूने सभी गुणवत्ता मानकों पर पूरी तरह से सही पाए गए थे केवल छठे नमूने की शुरुआती जांच में ब्रोमेट (Bromate) का जो स्तर था वो 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया था, जो कि 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर की निर्धारित सीमा से थोड़ा ही अधिक था.
मालूम हो कि FSSAI ने दो अलग-अलग लैब टेस्ट में सैंपल फेल होने के बाद 22 नवम्बर 2026 को बिसलेरी के खिलाफ अदालत में केस चलाने की मंजूरी दे दी है. इसी के बाद से ये मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है.
कंपनी ने किया ये दावा
कंपनी ने बयान में दावा किया है कि साल 2025 के नवंबर में अपील के बाद नमूने को जब रेफरल लैब भेजा गया था तो उसमें ब्रोमेट तो तय सीमा के अंदर मिला लेकिन पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) के होने की बात कही गई. बयान में ये भी कहा कि बिसलेरी ने दोनों रिपोर्टों में विरोधाभास को दे FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र लैब में उसी बैच की फिर से यानी दोबारा जांच कराई, तो पानी सभी सुरक्षा मानकों पर पूरी तरह सुरक्षित पाया गया.
पीने के पानी की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता
कंपनी ने कहा कि दोनों लैब रिपोर्टों में जब अंतर दिखा तो कंपनी ने FSSAI से मान्यता प्राप्त एक बाहरी लैब में फिर से गोवा फैक्ट्री में बने उसी तारीख और उसी लॉट के पानी का सैंपल टेस्ट कराने के लिए भेज दिया तो जांच में पानी हर पैमाने पर पूरी तरह सुरक्षित पाया गया. कंपनी ने आगे कहा है कि “पीने के पानी की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है. हमारी गुणवत्ता पर कड़ी नजर हमेशा बनी रहती है. कंपनी ने कहा कि इस मामले को उचित नियामक प्रक्रिया के जरिए सुलझाने के लिए कंपनी FSSAI के साथ पूरी तरह से सहयोग करेगी.
किडनी के लिए भी खतरा है ब्रोमेट
गूगल से मिली जानकारी के मुताबिक, ब्रोमेट / पोटेशियम ब्रोमेट को लेकर अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ( WHO की IARC) ने आशंका जताई है कि अगर इसका इस्तेमाल होता है तो इससे कैंसर (Group 2B) होने की सम्भावना है. तो वहीं अगर तय सीमा से अधिक मात्रा में अगर इसका काफी दिनों तक सेवन किया जाता है तो इससे किडनी खराब होने. थायरॉइड और नर्वस सिस्टम पर भी बुरा असर पड़ने की सम्भावना है.
दरअसल ब्रोमेट (Bromate) ब्रोमीन (Bromine) पर आधारित एक रासायनिक यौगिक अथवा आयन (BrO₃⁻) है। उदाहरण के तौर पर इसमें सोडियम ब्रोमेट (NaBrO₃) और पोटेशियम ब्रोमेट (KBrO₃) शामिल है.
जानकार कहते हैं कि हालांकि इसे पीने के पानी में जानबूझकर नहीं मिलाया जाता लेकिन यदि पानी का जो स्रोत है उसमें पहले से ब्रोमाइड मौजूद है तो जब पानी को ओजोन से साफ किया जाता है तो यानी ओजोनीकरण प्रक्रिया जब होती है तो दोनों की प्रतिक्रिया से ब्रोमेट बन सकता है.
ये भी पढ़े-उत्तर प्रदेश में कैंसर के सबसे अधिक मामले…वजह बना तंबाकू; ICMR ने जारी की डरा देने वाली रिपोर्ट