KANPUR:सपा विधायक इरफान सोलंकी के भाई ने अधिक मात्रा में खाई नींद की गोलियां, अस्पताल में भर्ती, पत्नी ने कराया है तीन तलाक और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज
कानपुर। समाजवादी पार्टी (सपा) के कानपुर नगर में विधायक इरफान सोलंकी के भाई फरहान सोलंकी ने मंगलवार को अधिक मात्रा में नींद की गोलियां खा लेने के बाद उनको एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हाल ही में फरहान की पत्नी ने उनपर तीन तलाक और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। पत्नी ने आरोप लगाया था कि वह उनको प्रताड़ित करते हैं। फरहान की पत्नी अंबरीन फातिमा की शिकायत पर चकेरी थानें में मामला दर्ज किया गया था। बता दें कि इरफान सोलंकी कानपुर नगर के सीसामऊ क्षेत्र से विधायक हैं।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक फरहान की हालत बिगड़ने के बाद जब उनको एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया तो मालूम हुआ कि उन्होंने अधिक मात्रा में नींद की गोलियां खा ली हैं। फिलहाल हालत स्थिर बनी हुई है। उधर हाल ही में फरहान की पत्नी फातिमा ने मीडियो को बयान दिया था कि उनकी शादी 2009 में फरहान से हुई थी और 2019 में उसके शौहर ने तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया था। फातिमा ने मीडिया को बताया था कि इस सम्बंध में उन्होंने तभी पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की थी, लेकिन सपा विधायक के प्रभाव के कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसी के साथ फातिमा ने ये भी बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सचिवालय और पुलिस आयुक्त के अधिकारियों से मुलाकात की और तब जाकर कहीं मामला दर्ज हुआ है। अम्बरीन ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं, बावजूद उसके उसे टार्चर किया गया। इसी के साथ अम्बरीन ने अपने पति पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके सम्बंध किसी अन्य महिला से भी हैं। देवर और भाभी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने भी उसके साथ मारपीट की और दहेज के रूप में पांच लाख रुपए भी मांगे। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। (फोटो इरफान सोलंकी के ट्वीटर अकाउंट से ली गई है)