SAWAN-2022:श्रावण 14 जुलाई से शुरू, शिवालयों में पूरी हुई तैयारी, जानें पुराणों में क्यों खास बताए गए हैं सावन के सोमवार, पूजन सामग्री में चढ़ाएं ये 28 चीजें, देखें पूजन विधि, सावन भर पंचवटी घाट पर होगी नित्य गोमती आरती

July 14, 2022 by No Comments

Share News

श्रावण मास (सावन का महीना) इस बार 14 जुलाई 2022 से शुरू हो रहा है। शास्त्रों व पुराणों में सावन मास के प्रत्येक सोमवार को शिव जी का व्रत करने का विधान बताया गया है। बता दें कि कुछ भक्त तो पूरे सावन भोले बाबा का व्रत करते हैं। मान्यता है कि सावन मास के सोमवार को किए गए पूजा-पाठ व तप का जल्द ही फल मिलता है और भक्तों की मनोकामना पूरी होती है। कहते हैं कि सावन मास में किए जाने वाले पूजा-पाठ व व्रत से भोले बाबा जल्द ही प्रसन्न होकर मनवांछित फल देते हैं।

एक समय कर सकते हैं भोजन
आचार्य पुष्पलता पाण्डेय बताती हैं कि सावन मास में व्रत करने वाले भोले बाबा की पूजा करने के बाद एक बार भोजन कर सकते हैं। इस व्रत में भगवान शिव जी के साथ ही माता पार्वती और उनके पुत्र गणेश जी और नन्दी का पूजन करना चाहिए। साथ ही “ऊं नम: शिवाय: ” का जप करना चाहिए। इससे भगवान प्रसन्न होकर मनवांछित फल देते हैं।

ये सामग्री चढ़ाएं शिव जी को
आचार्य सुशील कृष्ण शास्त्री बताते हैं कि शिव जी को पूजा में जल, दूध, दही, चीनी, घी, शहद, पंचामृत, कलावा, वस्त्र, यज्ञोपवीत, चंदन, रोली, चावल, फूल, बिल्वपत्र, दूर्वा, विजया, आक, धतूरा, कमलगट्टा, पान, सुपारी, लौंग, इलायची, पंचमेवा, धूप, दीप, दक्षिणा चढ़ाकर पूजा करने का विधान शास्त्रों में बताया गया है। इसी के साथ कपूर से आरती करके भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण करने का भी विधान बताया गया है।

सुनें कथा
पूजन के बाद कथा भी सुननी चाहिए और किसी ब्राह्मण के द्वारा रुद्राभिषेक भी कराना चाहिए। ऐसा करने से भगवान शीघ्र प्रसन्न होकर मनोकामना पूरी करते हैं। सोमवार का व्रत करने से पुत्र, धन, विद्या आदि मनवांधित फल की प्राप्ति होती है। इस दिन सोलह सोमवार व्रत कथा का माहात्म्य सुनना चाहिए।

पंचवटी घाट पर 14 से शुरू होगी नित्य गोमती आरती
सावन के शुरू होते ही उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पातालेश्वर महादेव मंदिर में जहां नित्य शिव अर्चन होगा। वहीं सावन के पहले दिन से ही पक्का पुल स्थित लेटे हुए हनुमान जी मंदिर पंचवटी घाट पर मां गोमती की नित्य आरती प्रारंभ होगी। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ विवेक तांगड़ी ने बताया कि शाम 5:30 बजे से शिवालय में शिव अर्चन प्रारंभ होगा। 7:30 बजे भगवान भोलेनाथ की आरती संपन्न होगी। कोषाध्यक्ष रिद्धि किशोर गौड़ ने बताया इसके उपरांत पंचवटी घाट पर मां गोमती की नित्य आरती प्रारंभ हो रही है, आरती 7:45 रात में नित्य संपन्न होगी। सचिव पंकज सिंह भदोरिया के अनुसार नित्य पातालेश्वर महादेव में शाम को शिव अर्चन संपन्न होगा। ये क्रम पूरे सावन चलेगा। सोमवार को विशेष पूजन पंडित आकाश शुक्ला द्वारा संपन्न कराया जाएगा। जो भी भक्त पूजन करना चाहते हैं मंदिर में संपर्क कर सकते है।

Balrampur: बाइक टकरा जाने पर सबइंस्पेक्टर ने तान दी सर्विस रिवाल्वर, गिड़गिड़ाया युवक, वायरल हुआ वीडियो, निलम्बित, देखें क्या कहा अपर पुलिस अधीक्षक ने