AKTU: अब पंखा नहीं बनेगा “मौत” का फंदा, 40 किलो का वजन होते ही आ जाएगा नीचे, एकेटीयू के इनोवेशन हब ने किया कमाल
Lucknow: पूरी दुनिया में हर साल बड़ी संख्या में लोग किसी न किसी कारण से फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेते हैं और इसके लिए वो सबसे ज्यादा छत वाले पंखे का ही इस्तेमाल करते हैं. भारत में भी ये आंकड़ा कम नहीं है। ज्यादातर मामलों में आत्महत्या करने वाला पंखे का सहारा लेता है। पंखे पर फंदा लगाकर परेशान लोग आत्महत्या कर लेते हैं। मगर अब ऐसा नहीं होगा। पंखा मौत का फंदा नहीं बनेगा। दरअसल डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्याल के इनोवेशन हब के हेड महीप सिंह ने एक खास तरह का स्मार्ट डाउन रॉड बनाया है। इस रॉड के सहारे पंखा लटकाने के कई फायदे होंगे।
40 किलो का वजन होते ही पंखा आ जाएगा नीचे
स्पेशल लैच मैकेनिज्म का प्रयोग करके बनाया गया यह रॉड अपने आप में खास है। इसमें तीन दो-दो फीट के स्टील रॉड का प्रयोग किया गया है। रॉड के सबसे उपरी हिस्से में स्प्रिंग और मैग्नेट कपलर का यूज किया गया है। इस रॉड पर पंखा लटकाया जाएगा। खास बात ये है कि इस पर 40 किलो या इससे ज्यादा का भार होते ही रॉड खुल जाएगा और पंखा नीचे चला आयेगा। ऐसे में पंखे का इस्तेमाल फांसी पर लटकने वाले के लिए यह काम नहीं आयेगा।
साफ-सफाई भी होगी आसान
पंखे की साफ-सफाई का काम जोखिम भरा होता है। सफाई के लिए सीढ़ी का यूज किया जाता है या तो फिर मेज और स्टूल का सहारा लेना पड़ता है। इस दौरान कई बार गिरने का खतरा तो रहता भी है करेंट लगने का डर भी होता है। मगर इस खास तरह के स्मार्ट रॉड में पंखा टंगा होने साफ-सफाई काफी आसान हो जाएगी। पंखे के पास नहीं जाना होगा बल्कि पंखा ही नीचे आ जाएगा। सफाई करने के लिए बस किसी डंडे से पंखे को नीचे से पुश करना होगा। इसके बाद रॉड धीरे-धीरे खुलता जाएगा और पंखा नीचे आ जाएगा। इसी तरह सफाई के बाद पंखे को उपर करने पर रॉड अपने आप छोटा हो जाएगा। इस स्मार्ट रॉड का पेटेंट हो गया है। बस अब इसे कॉमर्सलाइज कराने पर जोर है।