AKTU News: छात्रों ने ऑटोकैड पर सीखी डिजाइन की बारीकी….मशीन और घर के नक्शे का बनाया प्रोजेक्ट

November 19, 2025 by No Comments

Share News

AKTU News: डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) में तीन दिवसीय ऑटोकैड (AutoCAD) पर आधारित तीन दिवसीय स्किल डेवलपमेंट कार्यशाला का बुधवार को समापन हुआ. इस दौरान छात्रों ने ऑटोकैड पर डिजाइन की बारीकी सीखी और मशीनों के साथ ही घर का नक्शा का डिजाइन बनाकर खूब वाहवाही लूटी.

कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय के निर्देशन में ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग स्कोरटेक कंपनी के सहयोग से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। सिविल एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्रों के लिए विशेष रूप से टू डी डिजाइन के लिए डिजाइन सॉफ्टवेयर ऑटोकैड के बारे में जानकारी दी गयी।

इन तीन दिनों में छात्रों को ऑटोकैड की सामान्य जानकारी के अतिरिक्त अन्य पहलुओं के बारे में बताया गया। एडवांस टूल्स के माध्यम से बेहतर से बेहतर डिजाइन बनाने की बारीकी सिखायी गयी। प्रशिक्षण के अंतिम दिन छात्रों ने ऑटोकैड सॉफ्टवेयर पर मशीनों और घर का नक्शा भी प्रोजेक्ट के रूप में बनाया।

विशेषज्ञ विजय सिंह ने छात्रों का मार्गदर्शन किया। उनकी कमियों को बताया तो किस तरह सॉफ्टवेयर का बेहतर उपयोग करना है उसकी भी जानकारी दी। डीन ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रो0 नीलम श्रीवास्तव ने छात्रों से इस अवसर का लाभ लेने की अपील की। इस मौके पर प्रतिभा शुक्ला, शिशिर द्विवेदी सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।

जानें क्या है ऑटोकैड?

विशेषज्ञ बताते हैं कि ऑटोकैड एक बहुत ही शानदार कंप्यूटर-एडेड डिज़ाइन (CAD) सॉफ़्टवेयर है जो 2D और 3D डिज़ाइन और ड्राफ्टिंग के लिए इस्तेमाल किया जाता है. इसको ऑटोडेस्क कंपनी द्वारा विकसित किया गया है और यह आर्किटेक्ट, इंजीनियरों और डिज़ाइनरों के लिए सटीक और कुशल डिज़ाइन बनाने व संपादित करने में मदद करता है. एक तरह से यह एक अनिवार्य उपकरण बन गया है. यह डिजिटल प्रारूप में डिज़ाइन बनाने और संपादित करने की प्रक्रिया को तेज़ और आसान बनाने का भी काम करता है. इसकी मदद से हाथ से काम करने की तुलना में अधिक तेजी और सफाई आती है.

ये भी पढ़ें-गलत पढ़ाने पर शिक्षक सस्पेंड…सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर लगाई फटकार -Video