AKTU: आसियान-भारत स्टार्टअप फेस्टिवल, इंडोनेशिया के भारतीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल हुए एकेटीयू के डॉ अनुज कुमार शर्मा, जानें भारत के कितने स्टार्टअप ले रहे हैं हिस्सा
लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) एकेटीयू लखनऊ के कुलपति प्रो. प्रदीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में डॉ अनुज कुमार शर्मा, एसोसिएट डीन, इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन एकेटीयू चार दिनों के आसियान-इंडिया स्टार्टअप फेस्टिवल-2022 जो कि 27-30 अक्टूबर 2022 को इंडोनेशिया में आयोजित किया जा रहा है, में भाग लेने वाले भारतीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल किये गए हैं।
इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने के फलस्वरूप उत्तर प्रदेश में इनोवेशन इकोसिस्टम को विकसित करने में मदद मिलेगी एवं उत्तर प्रदेश सरकार एवं विश्वविद्यालय के द्वारा इस क्षेत्र में किये जा रहे प्रयासों को बल मिलेगा। आसियान-भारत साझेदारी की 30वीं वर्षगांठ के अवसर पर 27 से 30 अक्टूबर 2022 के बीच इंडोनेशिया में ‘आसियान-भारत स्टार्टअप महोत्सव 2022’ का आयोजन हो रहा है। बता दें कि भारत के 20 विशेषज्ञ और गणमान्य व्यक्ति एवं भारत के 30 शॉर्टलिस्ट किए गए स्टार्टअप के साथ भारतीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।
बता दें कि आसियान दस दक्षिण पूर्व एशियाई देशों का एक संगठन कहलाता है, जिसमे ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम जैसे देश भी हिस्सा ले रहे हैं। इस आयोजन में, स्टार्टअप इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर (SIIC), IIT कानपुर में प्रौद्योगिकी व्यवसाय इनक्यूबेटर को भारत के प्रमुख समन्वयक के रूप में चुना गया है।
इस आयोजन का उद्देश्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आसियान-भारत साझेदारी के बीच सहयोग को बढ़ाना और मजबूत करना है। यह विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी), भारत सरकार द्वारा समर्थित है।
आसियान-भारत स्टार्टअप फेस्टिवल भारतीय स्टार्टअप को अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र के व्यवसायों और निवेशकों से जुड़ने और आसियान देशों के साथ सीमा पार संबंधों को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा। स्टार्टअप्स को इस कार्यक्रम में आयोजित होने वाले ‘पिच बैटल’ में भाग लेने और 7500 अमरीकी डालर तक का नकद पुरस्कार जीतने का भी मौका मिलेगा। महोत्सव में कुल 60 स्टार्टअप (भारत से 30 और इंडोनेशिया, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड जैसे आसियान देशों के 30) भाग ले रहे हैं।
जानें कार्यक्रम की क्या है मुख्य विशेषताएं
यह महोत्सव स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स के लिए सहयोग और सह-विकास के लिए एक लॉन्चपैड प्रदान करेगा।
20 सदस्यीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल और भारत से 30 शॉर्टलिस्टेड स्टार्टअप भाग ले रहे हैं।
आसियान-भारत स्टार्टअप फेस्टिवल का आयोजन इंडोनेशिया रिसर्च एंड इनोवेशन एक्सपो (INA-RIE) के साथ मिलकर इंडोनेशिया की नेशनल रिसर्च एंड इनोवेशन एजेंसी द्वारा किया जा रहा है।
इस पहल को भारत सरकार की विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के एआईएसटीडीएफ फंड द्वारा समर्थित किया गया है।