क्या आप भी जाने वाले हैं अमरनाथ यात्रा पर? पहले पढ़ लें जम्मू कश्मीर पुलिस की ये ताजा एडवाइजरी
Amarnath Yatra 2025 Latest Advisory: अगर आप भोले बाबा के भक्त हैं और इस बार श्री अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले हैं तो यात्रा पर जाने से पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस की लेटेस्ट एडवाइजरी को अवश्य पढ़ लें क्योंकि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने साफ निर्देश जारी किए हैं कि सभी श्रद्धालु सिर्फ जम्मू से चलने वाले आधिकारिक सुरक्षा काफिले (convoys) के साथ ही यात्रा करें.
पुलिस ने यात्रियों से स्पष्ट तौर पर सलाह दी है कि कोई भी तीर्थयात्री स्वतंत्र रूप से या प्राइवेट गाड़ियों से यात्रा न करें क्योंकि बिना सुरक्षा के यात्रा खतरनाक हो सकती है. इसी के साथ ही इससे प्रशासन की निगरानी व्यवस्था भी प्रभावित होगी. जम्मू-कश्मीर पुलिस की ये एडवाइजरी सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रही है ताकि जो भी यात्री हैं, सभी को इसके बारे में जानकारी हो सके.
आपकी सुरक्षा-हमारी प्राथमिकता
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एडवाइजरी में यात्रियों को सलाह देते हुए कहा है कि अमरनाथ यात्रा सिर्फ एक धार्मिक यात्रा ही नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी भी है. इसलिए प्लीज अधिकारिक काफिलों के जरिए ही यात्रा करें और इस पवित्र यात्रा को सुरक्षित बनाएं. इसी के साथ ही एडवाइजरी में ये भी कहा गया है कि आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता है.
एडवाइजरी में आगे पुलिस ने कहा हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानीके दर्शन के लिए जम्मू-कश्मीर आते हैं. लेकिन इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां इस बार पहले से ज़्यादा सतर्क हैं. बीते वर्षों की घटनाओं से सीख लेते हुए अब प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि कोई भी यात्रा बिना सुरक्षा व्यवस्था के न हो. पुलिस, सेना और सिविल प्रशासन की संयुक्त सुरक्षा व्यवस्था हर कदम पर यात्रियों की सहायता के लिए मौजूद रहेगी.
एक नजर में देखें एडवाइजरी की मुख्य बातें
यात्रा के दौरान स्वतंत्र रूप से या निजी वाहनों से यात्रा बिल्कुल भी न करें. क्योंकि यह न सिर्फ असुरक्षित है बल्कि प्रशासन की निगरानी को भी प्रभावित करता है.
अमरनाथ यात्रा के दौरान केवल जम्मू से शुरू होने वाले आधिकारिक सुरक्षा काफिलों के साथ ही यात्रा करें.
प्रशासन चाहता है कि यह यात्रा हर श्रद्धालु के लिए एक आध्यात्मिक और सुरक्षित अनुभव बने.
एजवाइजरी में सभी यात्रियों से नियमों का पालन करने की अपील की गई है.
एडवाइजरी में यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी प्रकार की गैर-अनुशासित या जोखिमभरी गतिविधियों से बचें और पुलिस द्वारा जारी सभी दिशानिर्देशों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें. ताकि अमरनाथ की पवित्र यात्रा निर्विघ्न और सुरक्षित रूप से सम्पन्न की जा सके.
3 जुलाई से शुरू हो रही है अमरनाथ यात्रा
हिंदू पंचांग के मुताबिक, इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हो रही है. यह यात्रा 9 अगस्त 2025 तक जारी रहेगी. यानी 9 अगस्त को यात्रा सम्पन्न हो जाएगी.