Ayodhya News : रामलला की मूर्ति के लिए शालिग्राम शिला के अयोध्या पहुंचते ही मिली, राम जन्मभूमि को बम से उड़ा देने की धमकी, देखें वीडियो

February 2, 2023 by No Comments

Share News

अयोध्या। रामलला की मूर्ति बनाने के लिए नेपाल से लाए गए शालिग्राम के विशालकाय पत्थरों के पहुंचते ही, मंदिर को बम से उड़ा देने की धमकी मिली है। अयोध्या में रामकोट स्थित रामलला सदन मंदिर में रहने वाले एक युवक के फोन नंबर पर गुरुवार की सुबह एक अज्ञात कॉल आई, जिसने फोन करके राम जन्मभूमि को उड़ाने की धमकी दी। युवक ने तत्काल इसकी सूचना थाना राम जन्मभूमि पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

थाना राम जन्मभूमि के प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने मामले में मुकदमा दर्ज करा दिया है. उन्होंने बताया कि रामलला सदन में रहने वाले मनोज कुमार जो कि वर्तमान में प्रयागराज माघ मेले में हैं. गुरुवार की सुबह करीब पांच उनके मोबाइल पर एक फोन आया जब मनोज ने उनसे पूछा कि आप कौन हैं और कहां से बोल रहे हैं तो फोन करने वाले ने कहा की मैं दिल्ली से बोल रहा हूं आज सुबह दस बजे तक राम जन्मभूमि उड़ा दूंगा.

इसकी सूचना मनोज द्वारा थाना राम जन्मभूमि पुलिस को दी गई, जिसमें तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। राम जन्म भूमि को बम से उड़ाने की धमकी के बाद पूरे राम जन्मभूमि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। प्रवेश मार्गों पर चेकिंग अभियान भी शुरू करा दिया गया है। जिस नंबर से फोन किया गया था उस नंबर को ट्रेस कर अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

नेपाल की गंडकी नदी से लाई गई हैं चार शालिग्राम शिला
बता दें कि रामलला की मूर्ति के लिए शालिग्राम शिला बुधवार की देर रात अयोध्या पहुंच गई है. बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना व दर्शन करने के लिए उमड़ रहे हैं. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्र, निवर्तमान महापौर ऋषिकेश उपाध्याय सहित अन्य भाजपा नेताओं ने पुष्प वर्षा कर शिला का स्वागत किया और विधि-विधान से आराधना की. बता दें कि नेपाल के जनकपुर से चलकर शालिग्राम शिला रामनगरी अयोध्या पहुंच गई है और गुरुवार की सुबह से लेकर देर शाम तक लोग इसकी पूजा करते रहे.

मालूम हो कि शालिग्राम शिला को नेपाल की पवित्र काली गंडकी नदी से निकाला गया है. अयोध्या में दो विशालकाय पत्थर लाए गए हैं, जिनसे रामलला के साथ ही माता जानकी की भी मूर्ति बनाई जाएगी. 26 जनवरी को जानकपुर से पूजा-अर्चना के बाद शिला को अयोध्या के लिए रवाना किया गया था. इस दौरान यह बिहार के रास्ते उत्तर प्रदेश में कुशीनगर और गोरखपुर होते हुए बुधवार को अयोध्या पहुंची है.

ये कर रहे थे शालिग्राम यात्रा की अगुवाई
शालिग्राम शिला यात्रा की अगुवाई राम जानकी मंदिर नेपाल के महंत राम पतेश्वर दास, नेपाल सरकार के पूर्व गृहमंत्री विमलेंद्र निधि सहित विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज व राम मंदिर के ट्रस्टी कामेश्वर चौपाल कर रहे थे। यात्रा के साथ नेपाल से करीब 200 भक्त भी अयोध्या पहुंचे हैं। इस मौके पर शिला यात्रा के साथ अयोध्या पहुंचे जनकपुर के मेयर मनोज कुमार शाह ने कहा कि पहले नेपाल से राम लला के धनुष देने की बात कही गई थी। बाद में शालिग्राम शिला की बात आई. नेपाल सरकार द्वारा ऑर्कियोलॉजिकल टेस्ट कराने के बाद शिला जानकी मंदिर के महंत राम तपेश्वर दास को सौंपी गई। उसके बाद हम यात्रा लेकर निकले हैं. शालिग्राम शिला यात्रा से द्वापर- त्रेता का संबंध कलयुग में प्रगाढ़ हो रहा है. उन्होंने कहा कि नेपाल व भारत सरकार से हमारी मांग है कि जनकपुर अयोध्या के बीच एक रेल सेवा शुरू की जाए। ताकि आवागमन आसान होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। (फोटो-सोशल मीडिया)

यहां देखें वीडियो