Bengaluru Murder Case: प्रेमी या फिर पति…किसने युवती के 59 टुकड़े कर रखे फ्रिज में? बदबू से हिला पूरा इलाका; पुलिस को मिला ये क्लू

September 22, 2024 by No Comments

Share News

Bengaluru Murder Case: बेंगलुरु से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 29 साल की युवती के 59 टुकड़े फ्रीज में मिले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये टुकड़े इस तरह से सड़ चुके थे कि जब आस-पास तक बदबू फैल गई तब मकान मालिक ने युवती के घर वालों व पुलिस को जानकारी दी तो लोग सन्न रह गए. मालूम हो कि दिल्ली में 2022 में श्रद्धा वॉकर हत्याकांड में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जिससे पूरा देश हिल गया था. इस घटना में वॉकर अपने प्रेमी आफताब के साथ लिव इन में रहती थीं और उसी ने उनके टुकड़े कर फ्रिज में रखे थे. अब एक बार फिर से इसी तरह की घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया से लेकर हर जगह पर एक ही सवाल है कि आखिर किसने ये हत्या की, पति या फिर प्रेमी? फिलहाल पुलिस तहकीकात में जुटी हुई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये घटना शनिवार की दोपहर करीब 3.30 बजे सामने आई है. जब मृतक महिला महालक्ष्मी दास की मां और बड़ी बहन को उस घर के मालिक ने बुलाया, जिस घर में मृतका रहती थी. मकान मालिक ने बदबू फैलने के बाद महालक्ष्मी के परिवार को फोन कर बुलाया.

मूल रूप से रहने वाले हैं नेपाल के
पुलिस ने मीडिया को जानकारी दी कि महिला का परिवार मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है। दो दशक पहले वे लोग बेंगलुरु के नेलमंगला में आकर रहने लगे थे. पुलिस ने कहा कि शनिवार को एक पड़ोसी ने जयराम को उसकी बिल्डिंग से आ रही दुर्गंध के बारे में बताया। जयराम ने इसके बाद महालक्ष्मी की मां और बड़ी बहन को फोन किया, जो कुछ ही दूरी पर रहती थीं.

मॉल में करती थी काम
पड़ोसियों ने जानकारी दी कि महालक्ष्मी पांच महीने से वहां पर अकेले रह रही थी। वह अपने पति से अलग रहती थी और पति अपने बच्चे के साथ नेलमंगल में रहता था. शुरु के कुछ दिन उसका बड़ा भाई भी उसके साथ रहता था। पुलिस ने बताया कि महालक्ष्मी एक मॉल में काम करती थी। व्यालिकावल में पाइपलाइन रोड पर एक इमारत की पहली मंजिल पर फ्लैट किराए पर ले कर वह रह रही थी. फ्लैट के मालिक जयराम उसी इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं।

बदबू से बिल्डिंग मालिक को भी आ गया था चक्कर
बताया जा रहा है कि फ्रीज में रखे टुकड़े इस तरह से सड़ गए थे कि बदबू की वजह से मकान मालिक भी चक्कर खा गए थे। बदबू का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि हर कोई नाक में मास्क या रुमाल बांधे दिखाई दे रहा था. बताया जा रहा है कि जब मृतका महालक्ष्मी की मां और बहन मौके पर पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि सामने का दरवाजा बाहर से बंद है. जब दरवाजा खोला गया तो फर्श पर कीड़े रेंगते नजर आ रहे थे। कमरा पूरी तरह से बदबू से भरा हुआ था. कुछ कीड़े 165 लीटर के सिंगल-डोर फ्रिज से बाहर निकल रहे थे। फ्रिज में कुछ सड़ने का आभास होने पर उन्होंने फ्रिज खोला और सड़ी हुई लाश को देखकर दोनों बेहोश हो कर गिर गईं। इसके बाद पुलिस ने छानबीन कर लाश के टुकड़ों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

पुलिस को है अब इसकी तलाश
फिलहाल पुलिस हर प्वाइंट्स से इस मामले की छानबीन कर रही है. पुलिस को कुछ क्लू मिले हैं, जिससे ये साफ हो गया है कि हत्यारा महालक्ष्मी के जानने वाला ही था क्योंकि घर का कोई भी सामान चोरी नहीं हुआ है, न ही इधर-उधर किया गया है. इससे ये पूरी तरह से स्पष्ट है कि घर में कोई जोर-जबरदस्ती से नहीं घुसा और न ही महालक्ष्मी को मारने से पहले कोई संघर्ष हुआ। फिलहाल पड़ोसियों ने पुलिस को किसी लड़के के बारे में जानकारी दी है जिसके साथ महालक्ष्मी आती-जाती थी। कुछ लोगों का कहना है कि उस पिक एंड ड्रॉप वाले लड़के ने महालक्ष्मी को प्रपोज किया था। दोनों के बीच अफेयर था, जिसके चलते ही महालक्ष्मी के परिवार ने उसे छोड़ दिया था।

इस पूरी घटना को लेकर घटना स्थल के आस-पास रहने वालों के बीच महालक्ष्मी के अफेयर को लेकर चर्चा जोरों पर है. लोगों का दावा है कि मृतका सुबह 9.30 बजे मॉल में अपनी नौकरी के लिए जाती थी और रात 10.30 बजे तक वापस आती थी। इस दौरान एक व्यक्ति सुबह महालक्ष्मी को लेने आता था और रात को वापस घर छोड़ता था। तो दूसरी ओर कोरमंगला निवासी महालक्ष्मी के चचेरे भाई सुनील ने बताया कि वह उससे कभी ज़्यादा बातचीत नहीं करती थी।

12 सितंबर के आस-पास हुई है हत्या?
फिलहाल पुलिस हत्यारे की तलाश कर रही है. इसी के साथ ही ये भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या हत्यारों में एक या उससे ज़्यादा लोग शामिल थे? फिलहाल घटना को लेकर पश्चिमी डिवीजन के एसीपी सतीश कुमार ने मीडिया को बताया कि महिला की हत्या 12 सितंबर को या उसके बाद हुई है। उसका मोबाइल 12 सितंबर के बाद से बंद था। फिलहाल मोबाइल फोन से कॉल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. एक अधिकारी ने इस बात पर आश्चर्य जताते हुए कहा है कि उसके परिवार के किसी भी सदस्य ने इतने लंबे समय तक उससे संपर्क करने की कोशिश नहीं की। फिलहाल जांच जारी है.