मोहाली में बड़ा हादसा: 50 फुट ऊंचा आसमानी झूला धड़ाम से गिरा नीचे, आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी, दिल दहला देने वाला वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक बहुत ऊंचा झूला है। लोग उस पर बैठे हुए झूल रहे हैं, कि अचानक काफी ऊंचाई वाला झूला टूटकर नीचे गिर जाता है। इसके बाद पूरे मेले में अफरा-तफरी मच जाती है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो मोहाली का है।
बताया जा रहा है कि पंजाब के मोहाली जिले में एक मेले में रविवार रात को बड़ा हादसा हो गया। ड्रॉप टावर नाम के झूले में तकनीकी खराबी आ गई और इस वजह से झूला 50 फुट ऊंचाई से तेजी से धड़ाम से आकर नीचे गिरा। इस दौरान 10 लोग गंभीर रूप घायल हो गए हैं। इनमें बच्चे, महिला व पुरूष शामिल हैं। पांच घायलों को सिविल और अन्य पांच को निजी अस्पतालों में दाखिल कराया गया है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक झूले के संचालक मौके से फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही एसडीएम सरबजीत कौर व नायब तहसीलदार अर्जुन ग्रेवाल मौके पर पहुंचे। जिला प्रशासन ने मामले की जांच का आदेश दिया है। डीसी अमित तलवार ने कहा कि मामले की जांच करवाई जाएगी। इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि मोहाली के फेज आठ दशहरा ग्राउंड में लंदन ब्रिज नाम से यह मेला चल रहा था। रविवार होने के चलते बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ मेले में पहुंचे थे। इस बीच काफी संख्या में युवा ड्रॉप टॉवर झूले के पास पहुंचे। करीब 30 लोग उसमें सवार थे। जब झूला ऊपर घूम रहा था, इसी दौरान उसमें अचानक तकनीकि खराबी आ गई।
इससे पहले की लोग कुछ समझ पाते, झूला तेजी से नीचे आ गिरा। उसमें सवार लोग भी नहीं इस बात को समझ सके, कि उनके साथ हुआ क्या। हालांकि इस दौरान सभी सवारों ने सीट बेल्ट बांध रखी थी। इसी वजह से इस हादसे में किसी भी जानमाल के नुकसान की बात सामने नहीं आई है, लेकिन झूले से लोग उछलकर प्लेटफार्म पर गिरे। हालांकि इस दौरान जब झूला नीचे गिरा तो उसे संभाल रहा स्टाफ वहां से भाग गया। इस पर लोगों ने उन सभी का पीछा करने कोशिश की, लेकिन पकड़ नहीं सके। इस दौरान मेला स्थल पर भगदड़ मच गई, जिसको जो सुरक्षित जगह मिली, लोग उस तरफ भागने लगे। मौके पर पहुंचे डीएसपी सिटी- दो हरसिमरन सिंह बल ने कहा कि रविवार को मेले में भीड़ थी। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह कैसे हुआ। उसी के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।
आयोजको ने नहीं किया था कोई बंदोबस्त
मेले में आए लोगों ने मीडिया को बताया कि मेला स्थल पर आयोजकों ने किसी तरह की भी प्राथमिक उपचार का इंतजाम नहीं किया था। मौके पर पहुंची पुलिस की पीसीआर से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर तुरंत उनका इलाज शुरू हो गया। प्रशासन के अधिकारियों ने सारे घायलों से मुलाकात की है। सिविल अस्पताल के डॉ. परमिंदर ने बताया कि जैसे ही उन्हें हादसे की सूचना मिली। उन्होंने सारे स्टाफ को मौके पर बुला लिया था। फिलहाल सिविल अस्पताल में पहुंचे किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है। गले और पीठ में चोटे आई है। सभी का एक्स-रे करवाया जा रहा है। कोई भी गंभीर नहीं है। किसी को रेफर करने की जरूरत नहीं है।
यहां देखें वायरल वीडियो