बेहद शर्मनाक…अस्पताल ले जाते वक्त एम्बुलेंस में महिला मरीज से गैंगरेप, होमगार्ड भर्ती दौड़ के दौरान हो गई थी बेहोश
Bihar: बिहार के गयाजी जिले से पूरे देश को शर्मसार कर देने वाली बेहद ही शर्मनाक घटना सामने आई है. यहाँ बीते गुरुवार को एक महिला अभ्यर्थी से दरिंदों ने एम्बुलेंस में उस वक्त गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया जब वह होमगार्ड भर्ती दौड़ के दौरान बेहोश हो गई थी और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रास्ते में एम्बुलेंस चालक और टेक्नीशियन ने एक साथ महिला का गैंगरेप किया. फिलहाल इस मामले के सामने आने के बाद न केवल बिहार बल्कि पूरे देश में हंगामा मच गया है. पुलिस ने एम्बुलेंस चालक और टेक्नीशियन को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
दो घंटे में गिरफ्तार हुए आरोपी
घटना के सम्बंध में एसएसपी आनंद कुमार ने कहा कि पीड़िता के जरिए घटना की जानकारी मिली. सूचना के 2 घंटे के अंदर एंबुलेंस चालक विनय कुमार और टेक्नीशियन अजीत कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पीड़िता ने बताया कि अस्पताल ले जाते वक्त एंबुलेंस के अंदर चालक और कर्मियों ने उसके साथ बलात्कार किया. शिकायत मिलने के तुरंत बाद ही बोधगया एसडीपीओ सौरभ जायसवाल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
इस मामले में बोधगया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की कार्रवाई जारी है.घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए दोनों अभियुक्तों की पहचान की गई. एफएसएल की टीम को भी साक्ष्य संकलन के लिए घटनास्थल पर भेजा गया. एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि इस मामले में तुरंत जांच कराते हुए आरोप पत्र सौंपा गया है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी.
होमगार्ड भर्ती के दौरान खराब हुई थी तबीयत
26 वर्षीय पीड़िता इमामगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है. उसने पुलिस को बताया कि एम्बुलेंस में 3 से 4 लोग थे और जब उसके साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिया गया तब वह बेहोशी की हालत में थी. युवती ने बताया कि वह गयाजी में बीएमपी-3 में होमगार्ड भर्ती के लिए दौड़ की परीक्षा देने गई थी. इसी दौरान उसकी तबीयत खराब हो गई और उसे आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया. उसे एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था. तभी मार्ग में दो युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया. अस्पताल पहुंचने के बाद जब उसे होश आया, तो उसने घटना की जानकारी अस्पताल के डॉक्टरों को भी दी. इसी के बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई.
ये भी पढ़ें-Bihar: बिहार में 55 DSP का ट्रांसफर… बिगड़ते लॉ एंड ऑर्डर के बीच कई बड़े चेहरों पर गिरी गाज; देखें पूरी लिस्ट