Bomb Threat: इंडिगो-विस्तारा और एयर इंडिया हुआ अलर्ट…30 विमानों को एक बार फिर से मिली बम से उड़ाने की धमकी; जानें क्या है वित्तीय आतंकवाद
Bomb Threat: देश भर की तमाम एयरलाइन कंपनियों के विमानों को लगातार बम होने की धमकी दी जा रही है. फिलहाल पिछले कई दिनों से चल रहा ये सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. एक बार फिर से 30 विमानों में बम होने की धमकी दी गई है. यह मामला सोमवार रात को सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंडिगो, विस्तारा और एयर इंडिया की उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय एयरलाइंस द्वारा संचालित 30 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को सोमवार रात बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया.
मालूम हो कि पिछले एक सप्ताह के भीतर भारतीय विमानन कंपनियों की 120 से अधिक उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जांच के बाद ये भी धमकी अफवाह निकली है. तो वहीं नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू ने सोमवार को कहा था कि बम की धमकी अफवाह है, लेकिन इन्हें हल्के में नहीं लिया जा सकता। तो दूसरी ओर सरकार विमानों को मिल रही बम की धमकी से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयारी कर चुकी है और विधायी कार्रवाई की योजना बना रही है. इससे अपराधियों को नो-फ्लाई सूची में रखा जाएगा.
इंडिगो के प्रवक्ता ने बताई ये बात
धमकी मामले को लेकर इंडिगो के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को मीडिया को जानकारी दी कि सोमवार को उसके चार विमानों को सुरक्षा संबंधी अलर्ट मिला है। वे 6ई 164 (मंगलुरु से मुंबई), 6ई 75 (अहमदाबाद से जेद्दा), 6ई 67 (हैदराबाद से जेद्दा) और 6ई 118 (लखनऊ से पुणे) हैं। अलर्ट के बाद हमने संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया और मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया गया। इन उड़ानों के यात्री सुरक्षित रूप से उतर गए।
विस्तारा को भी मिली धमकी
विस्तारा के एक प्रवक्ता ने मीडिया को जानकारी दी कि सोमवार को संचालित होने वाली उसकी कुछ उड़ानों को सोशल मीडिया पर सुरक्षा संबंधी धमकियां मिली थीं। हमने तुरंत संबंधित अधिकारियों को सतर्क कर दिया और उनके निर्देश के मुताबिक सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन कर रहे।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने भी की पुष्टि
तो दूसरी ओर एक एयर इंडिया के प्रवक्ता ने भी सोमवार को उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की कुछ उड़ानों को धमकी मिलने की पुष्टी की है. इसी के साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत सतर्क किया गया और नियामक अधिकारियों तथा सुरक्षा एजेंसियों के मार्गदर्शन के अनुसार सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन किया गया।
जानें क्या है वित्तीय आतंकवाद
मालूम हो कि हवाई जहाज में लगातार बम रखने की झूठी खबरें मिल रही हैं. इसको लेकर एयरलाइंस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विमान में बम होने की धमकियों को “वित्तीय आतंकवाद” के रूप में देखा जाना चाहिए, क्योंकि यह एयरलाइंस के संचालन को प्रभावित करता है और भारी वित्तीय नुकसान पहुंचाता है. वह कहते हैं कि इस तरह की धमकियों से निपटने के लिए कड़े कदम उठाने की जरूरत है, ताकि यात्रियों को असुविधा और खौफ से तो बचाया ही जा सके, वहीं, विमानन कंपनियों को भी भारी आर्थिक नुकसान का सामना न करना पड़े. गौरतलब है कि जब किसी विमान को बम की धमकी मिलती है तो उसे अपने गंतव्य से पहले पास के ही किसी हवाई अड्डे पर उतारना पड़ता है, जिससे तमाम अतिरिक्त खर्चे विमानन कंपनियों को उठाने पड़ते हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक, इससे कम से कम 60-80 करोड़ का भारी नुकसान उठाना पड़ता है.