स्कूल मर्ज किए जाने के विरोध में उतरे सैकड़ों ग्रामीण…DM से कही ये बात-Video

June 26, 2025 by No Comments

Share News

Chitrakoot: गर्मियों की छुट्टियां खत्म होने वाली हैं और एक जुलाई से स्कूल खुलने वाले हैं.तो दूसरी ओर प्रदेश में बेसिक विभाग के परिषदीय विद्यालयों को मर्ज करने की प्रक्रिया भी जारी है. बता दें कि 50 से कम छात्र संख्या वाले स्कूलों का शिक्षा विभाग लगातार समायोजन कर रहा है।

इसी क्रम में चित्रकूट जिले के एक स्कूल को भी मर्ज किया जा रहा है जिसके खिलाफ बड़ी संख्या में ग्रामीण उतर आए हैं और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्कूल न मर्ज करने की मांग की है.

बता दें कि चित्रकूट जिले के सदर ब्लॉक के धूरेटनपुर गांव के सैकड़ों ग्रामीण आज यानी गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और पनिहनपुरवा विद्यालय को मानपुर विद्यालय में समायोजित किए जाने के विरोध में डीएम को ज्ञापन सौंपा। बता दें कि ग्रामीण ग्राम प्रधान हीरालाल के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे और कहा कि नया विद्यालय 4 किलोमीटर दूर है. इस वजह से छोटे बच्चों को स्कूल जाने में तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ेगा और दुर्घटना की स्थिति भी बन सकती है.

अगर दुर्घटना होती है तो इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा। इसको लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक ग्रामीण ने बताया कि पनिहनपुरवा विद्यालय में करीब 28 से 30 बच्चे हैं लेकिन कुछ का आधार कार्ड न बन पाने के कारण शासन में जो छात्र संख्या भेजी गई है वह करीब 23 है. इसी वजह से इस स्कूल को मर्ज करने के लिए कहा गया है. चूंकि हमारे गांव की सड़क कच्ची है और इस स्कूल में कई दिव्यांग बच्चे भी पढ़ते हैं जो कि दूर के स्कूल में जाने में असमर्थ हैं.

दूसरे जिस स्कूल में इस स्कूल को मर्ज किया जा रहा है वह स्कूल तक पहुंचने के लिए हाईवे से होकर गुजरना पड़ेगा जिससे बच्चों के साथ किसी भी तरह का हादसा हो सकता है. अगर ये स्कूल मर्ज होने के बाद बंद होता है तो तमाम विद्यार्थी शिक्षा से वंचित रह जाएंगे. इसीलिए मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर स्कूल न मर्ज किए जाने की मांग की गई है.

बता दें कि इस मामले को लेकर इससे पहले सदर विधायक अनिल प्रधान मुख्यमंत्री को भी पत्र लिख चुके हैं और विद्यालय समायोजन का आदेश वापस लेने की मांग भी कर चुके हैं. बता दें कि इसी तरह प्रदेश भर में स्कूलों को मर्ज किए जाने का अभियान लगातार जारी है.

ये भी पढ़ें-हाईवे पर रंगरेलिया मनाने वाले नेताजी का एक और धमाकेदार डांस Video वायरल…हसीना के संग लगाए ठुमके