Rahul Gandhi: लोकसभा की सदस्यता समाप्त होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पहली प्रतिक्रिया आई सामने, बोले-“…मैं हर कीमत चुकाने को तैयार हूं”

March 24, 2023 by No Comments

Share News

Rahul Gandhi: लोकसभा से सांसद के तौर पर अयोग्य घोषित होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने शुक्रवार शाम तो ट्विटर पर लिखा, “मैं भारत की आवाज के लिए लड़ रहा हूं. मैं हर कीमत चुकाने को तैयार हूं”

बता दें कि राहुल गांधी को गुजरात की एक अदालत ने गुरुवार को (साल 2019) में मोदी उपनाम का इस्तेमाल करने पर आपराधित मानहानि मामले में दोषी करार दिया है. इसी के साथ कोर्ट ने उनको दो साल की कैद की सजा सुनाई थी. हालांकि उन्हें इस फैसले के खिलाफ अपील करने के लिए 30 दिन की मोहलत भी दी गई है.

यहां ये भी बता दें कि अगर सजा बरकरार रहती है तो 8 सालों तक राहुल गांधी चुनाव नहीं लड़ सकेंगे. मालूम हो कि लोक प्रतिनिधत्व अधिनियम 1951 की धारा 8 (3) के अनुसार , जैसे ही किसी संसद सदस्य को किसी अपराध में दोषी करार दिया जाता है और कम से कम हो साल कैद की सजा सुनाई जाती है, वह संसद की सदस्यता के लिए अयोग्य हो जाता है. इसके बाद निर्वाचन आयोग इस सीट पर विशेष रूप से चुनाव की घोषणा करता है.

इससे पहले 10 जुलाई 2013 के अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने लिली थॉमस बनाम भारत संघ मामले में ये फैसला सुनाया था कि कोई भी संसद सदस्य (सांसद), विधानसभा सदस्य (विधायक) या एक विधान परिषद (MLC) का सदस्य जो एक अपराध का दोषी है और उन्हें न्य़ूनतम दो साल जेल की सजा दी गई है तो वो तत्काल प्रभाव से सदन का सदस्यता खो देता है. गौरतलब है कि 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान कर्नाटक के कोलार में एक रैली के दौरान राहुल गांधी ने कहा था, “कैसे सभी चोरों का उपनाम मोदी है? “

इस मामले में भाजपा विधायक व गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था और गुरुवार को इस मामले में सूरत की जिला कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया है. इसी के बाद से खुद ब खुद उनकी संसद की सदस्यता खत्म अथवा अयोग्य हो गई है. अर्थात अब वह सांसद नहीं रहे. ये कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका भी साबित हो सकता है.