MP News: मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायकों पर ट्रेन में छेड़छाड़ करने का आरोप, पीड़िता ने पुलिस को लिखी शिकायत, कहा दोनों ने नशे में किया टच, देख रहे थे बुरी नजर से, वायरल हुआ महिला का शिकायती पत्र

October 7, 2022 by No Comments

Share News

मध्य प्रदेश (MP) के दो कांग्रेस विधायकों पर एक महिला ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी है। महिला ने आरोप लगाया है कि वह अपने दूधमुंहे बेटे के साथ रेवांचल एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रही थी। इसी दौरान सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और कोतमा विधायक सुनील सराफ ने नशे में उसे टच किया और तो और वो दोनों बुरी नजर से उसे देख रहे थे।

इस पर महिला ने मदद मांगी तो सागर GRP महिला को लेकर भोपाल पहुंची। GRP ने दोनों विधायकों के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है। जांच के लिए केस जबलपुर, कटनी GRP को ट्रांसफर किया जाएगा।

पूरी घटना की कहानी पीड़िता की जुबानी
“मेरी उम्र 30 साल है। मैं रीवा की रहने वाली हूं। 6 अक्टूबर को मैं रेवांचल एक्सप्रेस से रीवा रेलवे स्टेशन से रानी कमलापति स्टेशन के लिए सवार हुई थी। मैं अपने 7 माह के बेटे के साथ यात्रा कर रही थी। रात करीब 11.50 बजे सामने वाली बर्थ में कोतमा विधायक सुनील सराफ (उम्र 47) और सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा (उम्र 38) बैठे थे। मेरी साइड वाली बर्थ पर दोनों ने खाना खाया और फिर गंदी-गंदी गालियां बकने लगे।

मेरे कंधे को टच कर इन्होंने मुझे उठाया। कहने लगे मैडम आपने खाना खाया है या नहीं। मैंने कुछ नहीं कहा। वे दोनों नशे की हालत में बुरी नीयत से देख रहे थे। मेरे कंधे पर हाथ फेरते हुए बकवास कर रहे थे। मैंने कहा कि मेरा बेटा सो रहा है, गाली-गलौज मत करिए। वे नहीं माने तो मैंने अपने पति को कॉल कर पूरी घटना बताई।

पति की शिकायत पर सागर रेलवे स्टेशन पर पुलिस आई। उन्होंने मुझे दूसरी सीट पर शिफ्ट कर दिया। जब मैं दूसरी सीट पर जाने लगी तो सुनील सराफ बोला- आप क्यों जा रही हो, क्यों परेशान हो रही हो। मैंने उनकी शिकायत TTE और सागर पुलिस से करते हुए कहा कि दोनों को ट्रेन से उतारते हुए कार्रवाई करें, लेकिन उन्होंने मेरी सीट बदल दी।”

जानें महिला ने और क्या बताया
महिला ने बताया कि जिस सीट पर वह बैठी थी, वह विधायक सिद्धार्थ की थी। उन्होंने बच्चा होने की वजह से सिद्धार्थ से अनुरोध किया कि वह अपनी सीट उसे दे दें। सिद्धार्थ इस पर राजी हो गए। इसके बाद कटनी में कोतमा विधायक सुनील सराफ भी इसी कोच में सवार हुए। अब तक बर्थ की लाइट बंद थी। इसी बीच सिद्धार्थ और सुनील सराफ उसी ट्रेन में सवार विधायक कमलेश्वर पटेल के पास पहुंचे। थोड़ी देर बाद सिद्धार्थ और सुनील नशे की हालत में महिला के पास पहुंचे। दोनों बर्थ को लेकर बहस करने लगे। महिला ने आरोप लगाया कि दोनों कांग्रेस विधायकों ने उसे बुरी नीयत से टच किया। विरोध करने पर राजनीतिक धौंस भी दिखाया।

पति ने रेल मंत्री को किया ट्वीट, इसके बाद मिली मदद
महिला ने फोन पर अपने पति को घटना की जानकारी दी, इस पर पति ने रेलमंत्री को ट्वीट करके मदद मांगी। ट्वीट मिलते ही रेलवे पुलिस हरकत में आई। मीडिया सूत्रों के मुताबिक रेवांचल एक्सप्रेस रात करीब एक बजे सागर रेलवे स्टेशन पर पहुंची लेकिन, सागर स्टेशन पर महिला अधिकारी नहीं होने के कारण महिला के बयान नहीं लिए जा सके। ऐसे में जवानों की सुरक्षा में महिला को बीना स्टेशन पहुंचाया गया। यहां पर महिला अधिकारी ट्रेन में पहुंचीं और घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारी ट्रेन में ही महिला यात्री के साथ भोपाल पहुंची। यहां उनके पति ने उन्हें रिसीव किया।

सुनील सराफ

देखें विधायकों ने क्या दी सफाई
सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा का कहना है कि नशे में धुत रहने के जो आरोप मुझ पर लगाए गए हैं, वह बिल्कुल गलत हैं, ऐसा कुछ भी नहीं है। बल्कि हमने तो रात में अपने कंपार्टमेंट की लाइट भी नहीं जलाई थी, बल्कि महिला को अपनी सीट भी दी थी, क्योंकि उनके पास बच्चा था। वहीं MLA सराफ ने कहा कि वो बहन ऐसा कर रहीं तो यह पाप है। हम रोज सफर करते हैं। हमारी उम्र 50 साल हो गई है। विधायक हैं। यही करेंगे क्या? मैं तो कटनी में बैठा। हमने तो छोटी लाइट में खाना खाया, जिससे बच्चा न जागे। स्टाफ से पूछ लीजिए।

दरवाजे में क्लिप नहीं होने से दरवाजा बज रहा था। इस कारण उनका बच्चा जाग रहा था, तो हम क्या कर सकते थे। सिद्धार्थ भाई ने इतना पूछा कि आपकी बर्थ कौन सी है, क्योंकि वो उनकी बर्थ पर सो रही थीं। इसी के साथ सराफ ने ये भी कहा कि हमने तो मेडिकल तक करवाने को कहा था, पता चल जाता हमने शराब पी है या नहीं। हमने तो कहा था- बच्चे के सिर पर हाथ रखकर कह दे हमने कोई गलत हरकत की है। वो बहन ऐसा कर रही हैं तो यह पाप है। सौगंध खाकर कह रहा हूं, अंधेरा था, हमने चेहरा तक नहीं देखा। हमें तो साजिश का शक इसलिए है, क्योंकि महिला ने हमारी उम्र तक लिखवाई है। उन्हें कैसे पता चला कि हमारी उम्र कितनी है।

सिद्धार्थ कुशवाहा

भाजपा की ओर से सामने आया बयान
इस पूरी घटना को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि यह घटना निंदनीय है। एक बहन के साथ कांग्रेस विधायकों ने छेड़छाड़ की। प्रियंका गांधी इस पर जवाब दें। कांग्रेस का यह मूल चरित्र यही है। ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

सामने आई GRP की बड़ी लापरवाही, नहीं कराया मेडिकल
मीडिया सूत्रों के मुताबिक इस पूरे मामले को लेकर जीआरपी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। महिला की शिकायत के बाद भी दोनों आरोपी विधायकों का मेडिकल नहीं कराया गया, जबकि महिला कहती रही कि दोनों विधायक नशे में हैं। ट्रेन में नशा कर हंगामा करने की धाराएं भी लगतीं। पुलिस अब भले ही महिला के आरोपों पर धारा लगा देगी, लेकिन मेडिकल पुष्टि नहीं करा पाएगी। (फोटो-सोशल मीडिया)