Corruption News: विजिलेंस टीम को देखते ही सब इंस्पेक्टर ने मुंह में ठूंस लिए रिश्वत के चार हजार, जमीन में लिटाकर खुलवाया गया मुंह, वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि विजिलेंस टीम को देखकर रिश्वत लेने वाले सब इंस्पेक्टर ने मुंह में ही रुपए ठूंस लिए। इस मामले में सब इंस्पेक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह वीडियो हरियाणा के फरीदाबाद का बताया जा रहा है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक फरीदाबाद की राज्य चौकसी ब्यूरो ने कार्रवाई करते हुए हरियाणा पुलिस में तैनात सब इंस्पेक्टर को पीड़ित से 4 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि शंभूनाथ नामक शख्स के घर से देर रात कुछ लोग मारपीट कर उसकी भैंस खोल कर ले गए थे।
इसी के बाद शंभूनाथ शिकायत लेकर सेक्टर- 3 पुलिस चौकी पहुंचा तो वहां ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर महेंद्र ने पीड़ित से 15 हजार घूस लेने के बाद कार्रवाई करने की बात कही। काफी मान-मनौव्वल के बाद दोनों के बीच 10 हजार में बात तय हो गई, जिसके बाद शंभूनाथ ने 4 हजार एक बार और 2 हजार दूसरी बार सब इंस्पेक्टर को पैसे दिए, ताकि वह उसकी भैंस वापस दिलवा सके लेकिन सब इंस्पेक्टर ने शंभू नाथ से 4 हजार की और डिमांड कर दी।
इस पर पीड़ित शंभूनाथ ने इस पूरे मामले की जानकारी हरियाणा राज्य चौकसी ब्यूरो को दे दी और साइन किए हुए नोटों को सब इंस्पेक्टर के बताए गए स्थान पर देने के लिए पहुंचा। इस पर मौके पर खड़ी विजिलेंस की टीम ने शंभूनाथ को घूस के 4 हजार रुपये के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया, लेकिन जैसे ही विजिलेंस टीम ने आरोपी सब इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया, उसने रिश्वत के पैसे मुंह में ठूंस कर निगलने की कोशिश की, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद विजिलेंस टीम के लोगों ने रिश्वत के पैसे सब इंस्पेक्टर के मुंह से निकलवाया। फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यहां देखें वीडियो