AKTU: एकेटीयू से संबद्ध संस्थानों के लिए जल्द शुरू हो सकती है काउंसलिंग प्रक्रिया, सबसे पहले कराना होगा पंजीकरण, देखें ये जरूरी जानकारी

June 13, 2023 by No Comments

Share News

AKTU News: डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) से संबद्ध संस्थानों के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। इसके लिए तैयारी जोर-शोर से चल रही है। इसी महीने विश्वविद्यालय कुलपति प्रो0 जेपी पांडेय की अध्यक्षता में केंद्रीय समिति की बैठक हो सकती है। जिसमें काउंसलिंग कब से शुरू होगी इस पर निर्णय लिया जाएगा।

सबसे पहले कराना होगा पंजीकरण

पूरे प्रदेश में फैले इस विश्वविद्यालय में बीटेक, बीफार्मा सहित विभिन्न पाठ्यक्रम में पढ़ाई होती है। जिसमें हर साल लाखों की संख्या में छात्र प्रवेश लेते हैं। हर वर्ष प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय काउंसलिंग कराता है। काउंसलिंग के जरिये ही छात्रों को विभिन्न पाठ्यक्रमों प्रवेश दिया जाता है। काउंसलिंग के लिए सबसे पहले छात्रों को पंजीकरण कराना होता है। पंजीकरण के बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाता है। इसके बाद छात्रों को च्वायस फिलिंग करना होता है। अंत में छात्र को सीट अलॉटमेंट होती है।

चार चक्रों में होगी काउंसलिंग
प्राइवेट कॉलेजों के लिए चार चक्रों में नियमित काउंसलिंग होती है। वहीं, सरकारी कॉलेजों में जहां चार नियमित काउंसलिंग तो दो स्पेशल तो एक इंटरनल काउंसलिंग होती है। छात्रों को प्रवेश विभिन्न राष्टीय स्तर की परीक्षा के मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। बीटेक में प्रवेश के लिए जेईई मेंस, बीटेक बॉयोटेक्नोलॉजी व एग्रीकल्चर, बीडेस, बीफार्मा, बीएचएमसीटी, बीफैड, बीएफए, एमबीए इंटीग्रेटेड, एमसीए इंटीग्रेटेड, बीवोक, बीटेक लेटरल व बीफार्मा लेटरल में प्रवेश के लिए सीयूईटी यूजी की मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। वहीं बीआर्क के लिए नाटा तो एमबीए और एमसीए के लिए सीयूईटी पीजी की परीक्षा के मेरिट पर प्रवेश मिलेगा। वहीं प्रवेश प्रक्रिया की चरणवार तिथि जल्द ही विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर घोषित की जाएगी। काउंसलिंग प्रक्रिया कुलपति प्रो0 जेपी पांडेय के निर्देशन में समन्वयक प्रो0 अरूण कुमार तिवारी द्वारा संपादित कराया जाएगा।

एकेटीयू के 8 छात्रों को मिली नौकरी

डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के आठ छात्र-छात्राओं का चयन कैंमस प्लेसमेंट के जरिये मल्टीनेशनल कंपनी इंटेलिपाट में हुआ है। कंपनी ने 6 से 12 जून के बीच ऑनलाइन माध्यम से इन छात्रों को कई राउंड की चयन प्रक्रिया के बाद चुना। छात्रों को प्रीप्लेसमेंट टाक, ग्रुप डिस्कशन, टेक्निकल टेस्ट देना पड़ा। कुलपति प्रो0 जेपी पांडेय के निर्देशन में विश्वविद्यालय के टेªेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से डीन प्रो0 अरूणिमा वर्मा के नेतृत्व में कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया गया। जिसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेज के छात्रों ने हिस्सा लिया। इस कैंपस प्लेसमेंट में बीटेक और एमबीए सोनाली सिंह चंदेल, अनुष्का जैन, मांताशा कमर, आर्यन गुप्ता, सौरभ त्रिपाठी, अविनाश सिंह गहलोत, मयंक मिश्रा, आनंद श्रीवास्तव का चयन सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर सात लाख 25 हजार रूपये सालाना के पैकेज पर हुआ है। इसके अलावा कई और मल्टीनेशनल कंपनियां कैंपस प्लेसमेंट की प्रक्रिया कर रही हैं। कुलपति प्रो0 जेपी पांडेय ने चयनित छात्रों को शुभकामना देने के साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। टेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर प्रतिभा शुक्ला ने इस प्लेसमेंट का समन्वय किया।

सम सेमेस्टर परीक्षा में शामिल हुए 1887 परीक्षार्थी

डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के सम सेमेस्टर परीक्षा में मंगलवार को दोनों पारियों में 1887 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। प्रथम पाली में जहां 226 अभ्यर्थी शामिल हुए वही दूसरी पाली में 1661 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जबकि प्रथम पारी में 3 व द्वितीय पारी में 30 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। साथ ही शाम की पाली में 1 अभ्यर्थी नकल करते हुए पकड़ा गया। कुलपति प्रोफेसर जे पी पांडे ने सुचिता पूर्ण परीक्षा का निर्देश दिया। वही सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है।

छात्र-छात्राओं ने किया योगासन

अंतराष्ट्रीय योग दिवस दिनांक 21 जून 2023 के सफल आयोजन एवं जनमानस में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु कुलाधिपति द्वारा दिये गये निर्देशो के अनुपालन में कुलपति प्रो0 जे0पी0 पाण्डेय के नेतृत्व में डा0 ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के फैकल्टी आफ मैनेजमेंट स्टडीज की ओर से मंगलवार को छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों के लिए एक योग सत्र का आयोजन किया गया। इस योग सत्र में एसोसिएट प्रोफेसर डा0 रवि शर्मा ने दैनिक जीवन में योग का महत्व बताया। डा0 रवि शर्मा एवं डा0 वर्षा शुक्ला के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं ने योग के विभिन्न आसनः सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, प्राणायाम, तितली आसन, भुजंग आसन, चक्रासन, शवासन आदि का अभ्यास किया। इस योग सत्र में फार्मेसी व मैनेजमेंट संकाय के सहायक कुलसचिव रंजीत सिंह तथा विभाग के समस्त शिक्षकगण आरजू गुप्ता, शेफाली सिंह, एवं डा. गजेन्द्र गुप्ता तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।