बर्खास्त होने के बाद CRPF जवान मुनीर अहमद ने दी ये सफाई…पाकिस्तानी महिला से शादी का मामला-Video

Share News

CRPF Jawan Munir Ahmed: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को बिना बताए पाकिस्तानी महिला से शादी करने के मामले में सीआरपीएफ जवान मुनीर अहमद को बर्खास्त कर दिया गया था. उन पर आरोप है कि उन्होंने पाकिस्तानी महिला से शादी की बात छिपाई थी और विभाग को नहीं बताया. इसी आरोप के बाद उनके आचरण को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हानिकारक पाते हुए उनको तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था.

हालांकि आज उन्होंने इस सम्बंध में अपना पक्ष रखा है और न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए जम्मू-कश्मीर के रहने वाले मुनीर अहमद ने दावा किया है कि “हमारी शादी 24 मई 2024 को वीडियो कॉन्फ्रेंस के ज़रिए हुई…वह मेरी चचेरी बहन है…वह पाकिस्तान में रहती हैं। बंटवारे से पहले दोनों परिवार यहीं साथ में रहते थे…मैं सीआरपीएफ में था, इसलिए मैंने अनुमति मांगी थी। मुनीर अहमद ने आगे बताया कि मैंने उन्हें 31 दिसंबर 2022 को एक पत्र लिखा था।

उन्होंने शादी का कार्ड, जगह मांगी…मैंने सीआरपीएफ को सब कुछ जमा कर दिया था. उचित माध्यम से, यह सीआरपीएफ, दिल्ली के निदेशक तक पहुंच गया। लगभग 5 महीने बाद, मुझे जवाब मिला…इसमें लिखा था कि मैंने विभाग को सूचित कर दिया है। उन्होंने ये भी दावा किया कि शादी के बाद, मैंने अपने विभाग को फिर से सूचित किया…मैंने विवाह प्रमाण पत्र, शादी की तस्वीरें जमा कीं. इसके बाद 28 फरवरी 2025 को उसे वीजा मिल गया और वह भारत आ गई।

मुनीर अहमद ने ये भी दावा किया है कि मेरी पत्नी के आने के बाद मैंने अपनी बटालियन को सूचित किया था। मैंने वीजा की कॉपी डिप्टी कमांडेंट को भेजी थी. हमने 4 मार्च 2025 को दीर्घकालिक वीजा के लिए आवेदन किया था और फील्ड वेरिफिकेशन हुआ था। हमारा FRRO जम्मू में साक्षात्कार हुआ। उन्होंने बताया कि वे वीज़ा के लिए सकारात्मक सिफारिश भेज रहे हैं.”

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम के बायसरन घाटी में हुए आतंकी हमले में दो विदेशी सहित 26 निर्दोष पर्यटकों को आतंकियों ने गोली मार दी थी. इसी के बाद भारत सरकार ने देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का निर्देश दिया था. इसी बीच सीआरपीएफ जवान मुनीर अहमद की मिनल खान के साथ शादी के बारे में जानकारी सामने आई थी.

मुनीर अहमद की आखिरी तैनाती देश के प्रमुख आंतरिक सुरक्षा बल सीआरपीएफ की 41वीं बटालियन में थी। इस सम्बंध में सीआरपीएफ के प्रवक्ता उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एम दिनाकरन ने न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए बयान में कहा कि ‘उनके कार्यों को सेवा आचरण का उल्लंघन और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हानिकारक पाया गया.’ तो वहीं सीआरपीएफ की ओर से कहा गया कि जांच में पाया गया कि जवान ने संबंधित अधिकारियों को अपनी शादी और उसके भारत में रहने की सूचना नहीं दी थी।

ये भी पढ़ें-पाकिस्तानी महिला से शादी…बर्खास्त किए गए CRPF जवान मुनीर अहमद; लगा ये बड़ा आरोप