पाकिस्तानी महिला से शादी…बर्खास्त किए गए CRPF जवान मुनीर अहमद; लगा ये बड़ा आरोप
CRPF Jawan Munir Ahmed: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार लगातार पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. इसी बीच केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान मुनीर अहमद को बर्खास्त कर दिया गया है. आरोप है कि उन्होंने पाकिस्तानी महिला से अपनी शादी की बात छिपाई थी.
फिलहाल उनके आचरण को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हानिकारक पाया गया है, इसी के बाद ये कार्रवाई की गई है. ‘मुनीर अहमद को पाकिस्तानी नागरिक से अपनी शादी को छिपाने और जानबूझकर उसके वीजा की वैधता से परे उसे शरण देने के कारण तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है.
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जवान मुनीर अहमद को उन नियमों के तहत सेवा से बर्खास्त किया गया है, जिसके तहत जांच की जरूरत नहीं होती। गौरतलब है कि मुनीर अहमद की आखिरी तैनाती देश के प्रमुख आंतरिक सुरक्षा बल सीआरपीएफ की 41वीं बटालियन में थी।
इस सम्बंध में सीआरपीएफ के प्रवक्ता उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एम दिनाकरन ने न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए बयान में कहा कि ‘उनके कार्यों को सेवा आचरण का उल्लंघन और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हानिकारक पाया गया.’ इसी के साथ ही सीआरपीएफ की जांच में पाया गया कि जवान ने संबंधित अधिकारियों को अपनी शादी और उसके भारत में रहने की सूचना नहीं दी थी।
ऐसे हुआ खुलासा
बता दें कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार लगातार पाकिस्तान के खिलाफ कूटनीतिक उपायों के तहत कार्रवाई करते हुए देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है. इसी बीच सीआरपीएफ जवान मुनीर अहमद की मिनल खान के साथ शादी के बारे में जानकारी सामने आई है. दोनों ने वीडियो कॉल के जरिए पिछले साल 24 मई को शादी की थी.
मारे गए थे 26 निर्दोष लोग
बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में दो विदेशी सहित 26 निर्दोष पर्यटकों को आतंकियों ने गोली मार दी थी. ये हमला आतंकियों द्वारा उस वक्त किया गया जब पहलगाम के बायसरन घाटी में मौजूद घास के बड़े मैदान में लोग अपने परिवार के साथ छुट्टियों का आनन्द ले रहे थे.
ये भी पढ़ें-बर्बाद हो जाएगा पाकिस्तान…! भारत का एक और बड़ा कदम; बौखलाए शहबाज शरीफ ने दी युद्ध की धमकी-Video