Delhi Crime: युवती को कार में खींचने की कोशिश, विरोध करने पर तेजाब से नहलाने की धमकी, महिला आयोग ने जारी किया पुलिस को नोटिस
दिल्ली के लिए नए साल की शुरूआत जरा भी अच्छी नहीं रही। एक के बाद एक बुरी खबरें सामने आ रही है। बुरी इसलिए क्योंकि यहां लड़कियों के साथ अपराधिक मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं। ताजा मामले में एक लड़की को शोहदे ने अपनी गाड़ी में खींचने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने लड़की पर एसिड अटैक की धमकी दी है।
घटना दिल्ली के पांडव नगर की बताई जा रही है। इस पर घटना पर दिल्ली महिला आयोग (Delhi Commission for Women) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को नोटिस भेजा है।
इसी के साथ स्वाति मालीवाल (Swati Maliwal) ने मामले की जानकारी देते हुए सवाल किया था कि आखिर कब तक चलेगा यह सब। स्वाती ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा कि, “एक आदमी ने लड़की को अपनी गाड़ी के अंदर खींचने की कोशिश की और जब लड़की ने विरोध किया तो उसे तेजाब से जलाने की धमकी दी। लड़की को चोटें भी आई हैं। कब तक यह चलेगा?”
जानें क्या है पूरा मामला?
मीडिया सूत्रों के मुताबिक मामला ईस्ट दिल्ली के पांडव नगर इलाके का है। जानकारी के मुताबिक एक युवक ने पीड़िता को जबरन नए साल के जश्न में शामिल होने के लिए कहा था। जब पीड़िता ने शामिल होने से इंकार किया तो आरोपी ने उस पर तेजाब फेंकने की धमकी दी। इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद एक शख्स ने पुलिस को कॉल कर दी और युवती के साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने ये भी जानकारी दी कि लड़की की उम्र 19 साल है और उसके पिता की मौत हो चुकी है। इसी के साथ पुलिस ने ये दावा किया कि मामले की जांच की जा रही है आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।