Delhi: टिकट न मिलने पर AAP पार्टी के पूर्व पार्षद चढ़े ट्रांसमिशन टॉवर पर, वायरल हुआ वीडियो, आम आदमी पार्टी पर लगाया “घोटाला” करने सहित कई आरोप, भ्रष्टाचारियों के खोले नाम

November 13, 2022 by No Comments

Share News

सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स ट्रांसमिशन टॉवर पर चढ़ा हुआ दिखाई दे रहा है। यह वीडियो आप (आम आदमी पार्टी) पार्टी के पूर्व पार्षद हसीब उल हसन का बताया जा रहा है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने आने वाले दिल्ली के नगर निगम (MCD) के चुनाव में हसन का टिकट काट दिया है। इसी से नाराज होकर रविवार को हसन ट्रांसमिशन टॉवर पर चढ़ गए। इसी के साथ हसन ने आरोप लगाया कि पार्टी ने उनका टिकट किसी अन्य को तीन करोड़ रुपए में बेच दिया है। हालांकि कुछ ही देर बाद मौके पर पुलिस और दमकल कर्मी पहुंचे और उनको नीचे उतारा।

इस मौके पर नाराज हसन ने आरोप लगाते हुए मीडिया को बताया कि पार्टी के अंदर “कैश फॉर टिकट” का घोटाला चल रहा है। इसी के साथ कहा कि उनको भी आने वाले एमसीडी चुनाव को लेकर टिकट नहीं दिया, क्योंकि किसी अन्य ने टिकट खरीद लिया। इस मौके पर उन्होंने आप पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, दुर्गेश पाठक, आतिशी और संजय सिंह सहित अन्य लोगों के नाम लेते हुए भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और दावा किया कि यह लोग उन्हें टिकट देने से इनकार करने के बाद भी उनके दस्तावेज वापस नहीं कर रहे हैं।

बता दें कि आप पार्टी ने शनिवार रात को एमसीडी चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी व अंतिम सूची जारी की थी। पार्टी ने हसन द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि टिकट बांटने से पहले पार्टी ने उम्मीदवारों के बारे में लोगों की राय जानने के लिए सर्वे कराया था, जिसमें हसन के लिए लोगों ने बहुत अच्छी राय नहीं रखी। इसलिए उनको टिकट नहीं दिया गया। मालूम हो कि दिल्ली के 250 वार्डों वाले नगर निगम में 4 दिसम्बर को मतदान होगा और मतगणना 7 दिसम्बर को होगी।

यहां देखें वीडियो