Deoria: पानी मांगने पर PRD जवानों ने दिव्यांग को जमकर पीटा, किसी ने वीडियो बनाकर किया वायरल, दिख रही है हैवानियत, सपा नेता शिवपाल ने साधा निशाना

July 31, 2023 by No Comments

Share News

Deoria: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीआरडी जवान एक दिव्यांग को बुरी तरह से पीटते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो को सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने ट्विटर पर शेयर किया है और लिखा है कि ” प्रदेश में पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है.” जानकारी सामने आ रही है कि दिव्यांग ने उन लोगों से पानी मांगा था. इसी के बाद जवान उसे पीटने लगे और इसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पूरा मामला जिला प्रशासन के सामने आ गया. दोनों पीआरडी जवानों को हटाने के साथ ही रुद्रपुर कोतवाली में दोनों के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया है. उधर सीडीओ ने प्रकरण की जांच को तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है.

ये है मामला
रुद्रपुर कोतवाली के मरकड़ी निवासी सचिन सिंह दिव्यांग हैं और वह शनिवार की रात उपनगर के भभौली बाइपास स्थित एक ढाबा से भोजन करने के बाद अपनी मोटरराइज्ड ट्राई साइकिल से घर जा रहे थे. उनके मुताबिक, वह आदर्श चौराहे पर पहुंचे थे कि पीआरडी जवान अभिषेक सिंह व राजेंद्र मणि मिल गए. इस दौरान सचिन को प्यास लगी थी और उन्होंने पीआरडी जवानों से पीने के लिए पानी मांग लिया.

उन्होंने बताया कि, पानी मांगते ही पीआरडी जवान अपनी बाइक को रोककर दिव्यांग सचिन की पीटने लगे. दौड़ाकर भी पीटा. पीड़ित सचिन की तहरीर पर रुद्रपुर पुलिस ने आरोपित पीआरडी जवान अभिषेक सिंह व राजेंद्र मणि के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है तो वहीं इस घटना के बाद दिव्यांगों की संस्थाओं ने मिलकर रुद्रपुर कोतवाली गेट पर प्रदर्शन किया है और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है. बता दें कि सचिन को हाल ही में जिलाधिकारी सम्मानित भी कर चुके हैं. सचिन मुंबई में हुए एक ट्रेन हादसे में अपने दोनों पैर खो चुके हैं, लेकिन अपनी जीविका चलाने के लिए मोटरराइज्ड ट्राइसाइकिल से ही मोबाइल सिम कार्ड व अन्य सामान की होम डिलीवरी का कार्य करने लगे. इस पर जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने इस कार्य के लिए उन्हें 23 जुलाई को सम्मानित किया था.

इनको सौंपी गई है जांच
दिव्यांग सचिन सिंह को मारने-पीटने की घटना को लेकर जिला प्रशासन ने तीन सदस्यीय टीम का गठन कर दिया है. सीडीओ रवींद्र कुमार ने तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है, जिसमें दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कृष्णकांत राय, तहसीलदार रुद्रपुर कर्ण सिंह व सहायक निबंधक सहकारिता अजय कुमार शामिल हैं. आगे की कार्रवाई जांच के बाद ही की जाएगी. सीडीओ रवींद्र कुमार ने मीडिया को बताया कि आरोपी पीआरडी जवानों को ड्यूटी से हटा दिया गया है और इस पूरी घटना के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है. देवरिया एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि, दिव्यांग की पिटाई का मामला सामने आने के बाद रुद्रपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.